हिंदी
काले कोट वालों के बीच खूनी संघर्ष (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित कलेक्ट्रेट परिसर उस वक्त जंग के मैदान में तब्दील हो गया, जब वकीलों के चैंबरों के पास दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद की वजह एक महिला वकील की वीडियो बनाना बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर में वकालत कर रहीं एक महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता फहीम उनकी वीडियो बना रहा था। महिला वकील ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के वकील और उनके समर्थक लाठी-डंडे लेकर आपस में भिड़ गए।
मारपीट में महिला वकील के पति मोहम्मद शबा उद्दीन पुत्र फसीउद्दीन, निवासी जालंधरी सराय थाना कोतवाली और दूसरे पक्ष के अधिवक्ता फहीम पुत्र अब्दुल वहाब खान, निवासी जालंधरी सराय को गंभीर चोटें आई हैं। झगड़े के दौरान परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई अन्य वकील बीच-बचाव में आए।
Budaun Road Accident: रात का सफर बना आखिरी सफर, गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ दिल दहला देने वाला हादसा
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। दोनों पक्षों के दर्जनों समर्थक जिला अस्पताल भी पहुंच गए और वहां भी जमकर हंगामा किया। काफी देर तक अस्पताल परिसर में नारेबाजी और धक्का-मुक्की होती रही, जिससे मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।
फिलहाल दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना सिविल लाइन प्रभारी ने बताया कि महिला वकील की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। कलेक्ट्रेट परिसर और जिला अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वकीलों के दो गुटों में हुए इस संघर्ष से न्यायालय परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
पीड़ित महिला वकील ने पुलिस को बताया, "फहीम लगातार मेरी वीडियो बना रहा था। विरोध करने पर उसने मेरे और मेरे पति के साथ अभद्रता की और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उनके साथी भी हमलावर हो गए।
Location : Badaun
Published : 22 June 2026, 5:05 PM IST