चंपावत में भीषण कार हादसा: गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग पर 500 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो, ग्राम प्रधान और उनका बेटा घायल

उत्तराखंड के चंपावत में बाराकोट विकासखंड के गल्लागांव-देवलीमाफी मार्ग पर एक ऑल्टो कार 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में ढटीगांव के ग्राम प्रधान नवीन कुमार और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 June 2026, 5:33 PM IST
google-preferred

Champawat: उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चंपावत जिले के बाराकोट विकासखंड से एक और बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग पर बसौटी के समीप एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

इस खौफनाक हादसे में कार सवार पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कार के खाई में गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

लोहाघाट से अपने गांव लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढटीगांव ग्राम सभा के वर्तमान ग्राम प्रधान नवीन कुमार (पुत्र महेश राम) अपने बेटे सुनील कुमार के साथ किसी काम से लोहाघाट आए थे। सोमवार को वे अपनी ऑल्टो कार (संख्या UK 03-2484) में सवार होकर लोहाघाट से वापस अपने गांव ढटीगांव लौट रहे थे।

देवभूमि उत्तराखंड से यूपी लौट रहा था 28 लोगों का परिवार, भगवान को था कुछ और मंजूर…

इसी दौरान जैसे ही उनकी कार बसौटी के पास पहुंची, अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ढलान और संकरा रास्ता होने के कारण कार सीधे गहरी खाई की तरफ लुढ़क गई और नीचे जा गिरी।

स्थानीय लोगों ने निकाला बाहर, हायर सेंटर रेफर

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। भारी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया।

उत्तराखंड कैबिनेट का महाफैसला: सीएम धामी ने लिए 12 बड़े निर्णय, उपनल कर्मियों को मिली ये बड़ी सौगात

इसके बाद एक निजी वाहन की व्यवस्था करके दोनों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन नवीन कुमार और उनके बेटे सुनील की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Champawat

Published :  22 June 2026, 5:31 PM IST

Related News

Advertisement