दान काउंटर से सेवा केंद्र तक होगी निगरानी, राम मंदिर ट्रस्ट ने कर्मचारियों का मांगा पूरा विवरण

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट ने कर्मचारियों से बायोडाटा मांगा है। योग्यता, पृष्ठभूमि और कार्यक्षमता की समीक्षा के बाद अयोग्य कर्मचारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। इसके जरिए कर्मचारियों की योग्यता, पारिवारिक स्थिति, आय और पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 September 2026, 10:25 AM IST
google-preferred

अयोध्या: राम मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता और व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। मंदिर ट्रस्ट ने अपने कर्मचारियों से बायोडाटा मांगा है। इसके जरिए कर्मचारियों की योग्यता, पारिवारिक स्थिति, आय और पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट यह पता लगाने की प्रक्रिया में है कि वर्तमान में तैनात कर्मचारी अपने पद के लिए कितने उपयुक्त हैं और उनकी शैक्षिक योग्यता व अनुभव जिम्मेदारी के अनुरूप है या नहीं।

दान काउंटर से सुविधा केंद्र तक तैनात कर्मचारियों की होगी जांच

राम मंदिर ट्रस्ट के अंतर्गत दान काउंटर, यात्री सेवा केंद्र, सुविधा केंद्र, तीर्थक्षेत्र पुरम, तीर्थ क्षेत्र भवन सहित कई स्थानों पर कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा रामघाट स्थित एकाउंट कार्यालय में भी कर्मचारी कार्यरत हैं।

बायोडाटा के माध्यम से इन सभी कर्मचारियों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। ट्रस्ट अब कर्मचारियों की भूमिका और कार्यक्षमता का मूल्यांकन करेगा।

योग्य कर्मचारियों को ही रखने की तैयारी

बायोडाटा संकलन के बाद कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि कुछ कर्मचारियों को दूसरे स्थानों पर भेजा जा सकता है, जबकि अयोग्य पाए जाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई भी हो सकती है।

हालांकि, यह निर्णय नए सीईओ की संस्तुति के बाद ही लिया जाएगा।

चढ़ावा चोरी की घटना के बाद बढ़ाई गई सतर्कता

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है। दान काउंटर, गणना कक्ष, प्रवेश-निकासी व्यवस्था, प्रसाद वितरण स्थल और सीसीटीवी निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है।

बिना प्रक्रिया नियुक्त कर्मचारियों की भी होगी जांच

एक कर्मचारी के अनुसार, ट्रस्ट ने कर्मचारियों से शैक्षिक और पारिवारिक जानकारी सहित विस्तृत बायोडाटा मांगा है। एक वरिष्ठ कर्मचारी ने बताया कि शुरुआती दौर में कुछ नियुक्तियां बिना विस्तृत प्रक्रिया के हुई थीं, ऐसे में अब व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा रहा है।

ट्रस्ट की समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितने कर्मचारियों की भूमिका में बदलाव होगा या कितनों पर कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ayodhya

Published :  21 September 2026, 10:25 AM IST

Advertisement