बेड पर शव देख फूट-फूटकर रोने लगी बहन बोली- ‘मेरी दीदी को मार डाला’

औरैया के बेला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बेड पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस जांच में जुटी है।

Updated : 1 June 2026, 2:42 PM IST
google-preferred

Auraiya: जिले के बेला थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के बेड पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

बेड पर पड़ा मिला महिला का शव

जानकारी के अनुसार बेला थाना क्षेत्र के गांव पुर्वा दुजे निवासी शिवा दोहरे (23) पुत्र जागेश्वर दयाल दोहरे की पत्नी मोहिनी का शव सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। महिला के शव मिलने की सूचना गांव के ही निवासी राजीव ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई और अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार हरिकिशोर और बेला थानाध्यक्ष गंगादास गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर थाने की गाड़ी से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Auraiya News: औरैया में सुहागिनों ने वट वृक्ष पर सूत लपेटकर मांगा अखंड सुहाग का वरदान

मायके पक्ष के पहुंचते ही बढ़ा तनाव

मोहिनी की मौत की खबर जैसे ही उसके मायके पक्ष को मिली, लगभग दो दर्जन परिजन ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव पहुंच गए। गांव पहुंचने पर जब उन्हें शव नहीं मिला तो परिजन बिलख पड़े। इसके बाद सभी लोग थाने पहुंचे और महिला का शव देखने की मांग करने लगे। पुलिस ने उन्हें बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है।

बहन ने लगाए हत्या के आरोप

थाने पहुंची मृतका की बहन राधा का रो-रोकर बुरा हाल था। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या ससुराल वालों ने की है। परिजनों के आरोपों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला के पति शिवा दोहरे को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

Auraiya News: मुठभेड़ के बाद दुकानदार को बाइक से घसीटने वाले तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

बेला थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Auraiya

Published :  1 June 2026, 2:42 PM IST

Advertisement