हिंदी
चार मकानों में लगी आग
Auraiya: अयाना थाना क्षेत्र के नौरी गांव में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे बड़ा हादसा हो गया, जब नलकूप के लिए गई एचटी लाइन के तार गांव की एलटी लाइन से छू गए। इससे अचानक हाईवोल्टेज करंट घरों में दौड़ पड़ा और चार घरों में आग लग गई। आग की चपेट में आकर गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया, जबकि करंट लगने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में रोष का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक हाईवोल्टेज आने से घरों में लगे बिजली उपकरण फुंक गए और कमरों में आग लग गई। एक पीड़ित परिवार ने बताया कि फ्रिज, अलमारी, कपड़े और जेवर समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान जल गया। वहीं दूसरे घर में छप्पर में आग लगने से पूरा घरेलू सामान नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हाईवोल्टेज करंट के कारण एक घर के विद्युत मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे पूरे मकान में करंट फैल गया। इस दौरान घर में मौजूद दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए भेजा। घटना से गांव में दहशत फैल गई और लोग बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल उठाने लगे।
खजनी में हत्या के वांछित आरोपी की गिरफ्तारी, गोरखपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। वहीं क्षेत्रीय विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। उनका कहना है कि अभी हादसे का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
उत्तराखंड हाईकोर्ट बना देश का ऐसा पहला हाईकोर्ट, जिसने जजों की शिकायतों का पिटारा खोला
लगातार हो रही विद्युत लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली लाइनों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई, तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।
Location : Auraiya
Published : 19 February 2026, 6:57 PM IST
Topics : auraiya news Fire in Auraiya UP News