हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Auraiya: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अपराध से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बिधूना क्षेत्र में बॉर्डर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
घटना बिधूना थाना क्षेत्र के गपचरिया पुलिया के पास की है। यहां पुलिस स्वाट और सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर बदमाशों को रोकने की कोशिश की गई, जिसके बाद हालात अचानक मुठभेड़ में बदल गए।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो बदमाशों को गोली लगने की सूचना है, जिन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी बिधूना भेजा गया। सभी आरोपियों की पहचान और आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी बाइक पर बैठकर वारदात को अंजाम देते थे। ये लोग राह चलते लोगों की जेब काटने और धोखाधड़ी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं की लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं।
थाना बिधूना में दर्ज एक मुकदमे के सिलसिले में पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही थी। मुठभेड़ के बाद इस मामले का अनावरण किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Location : Auraiya
Published : 3 May 2026, 9:45 AM IST