हिंदी
अखिलेश यादव के कार्यकाल में नोएडा को मिले बड़े प्रोजेक्ट (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Noida: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज जन्मदिन है। क्या आपको पता है कि अखिलेश यादव ने नोएडा शहर को क्या-क्या दिया? अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल (2012-2017) में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण को काफी विकास परियोजनाएं दी। उनके कार्यकाल के दौरान कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली, कई का शिलान्यास हुआ और कई का निर्माण शुरू हुआ। इनमें से कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन बाद की सरकारों में हुआ, लेकिन उनकी आधारशिला अखिलेश सरकार के दौरान रखी गई थी।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो (एक्वा लाइन) परियोजना को अखिलेश सरकार के दौरान मंजूरी मिली और निर्माण कार्य का बड़ा हिस्सा इसी कार्यकाल में आगे बढ़ा। बाद में इस लाइन का उद्घाटन किया गया और आज यह लाखों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिवहन का साधन है।
दिसंबर 2016 में ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) मेट्रो कॉरिडोर का शिलान्यास किया गया। हालांकि, यह परियोजना अभी तक पूरी नहीं हो सकी है। लेकिन इसकी औपचारिक शुरुआत अखिलेश सरकार के दौरान हुई थी।
वर्ष 2016 में एनएमआरसी (NMRC) सिटी बस सेवा की शुरुआत भी अखिलेश सरकार के कार्यकाल में हुई। इस सेवा का उद्देश्य नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाना था।
अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लिए लगभग 5,500 करोड़ रुपये की 21 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़कें, विद्युत व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाएं, संस्थागत भवन और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाएं शामिल थी।
साल 2013 में भी करीब 3,337 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इनमें अंडरपास, मल्टीलेवल पार्किंग, अस्पताल, बिजली उपकेंद्र, महिला आश्रय गृह और कई नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल थी।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, अखिलेश यादव ने व्यापारियों के बीच बढ़ाई हलचल
नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित नए प्रशासनिक भवन की परियोजना भी अखिलेश सरकार के दौरान शुरू हुई थी। भवन का निर्माण बाद के वर्षों में पूरा हुआ और इसका उद्घाटन वर्ष 2026 में किया गया। कुल मिलाकर अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में कई ऐसी परियोजनाओं की शुरुआत हुई, जिन्होंने आने वाले वर्षों में क्षेत्र के शहरी विकास और बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने का काम किया। इनमें से कई परियोजनाओं का निर्माण और उद्घाटन बाद की सरकारों के कार्यकाल में पूरा हुआ।
Location : Noida
Published : 1 July 2026, 10:15 AM IST