हिंदी
जिला कृषि अधिकारी निरीक्षण करते हुए (IMG: Dynamite News)
Kasganj: जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर लगाम लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में कई उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमार निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई दुकानों पर स्टॉक और रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं मिले, जबकि बिक्री रजिस्टर और अन्य अभिलेख भी अधूरे पाए गए। अनियमितताएं मिलने पर तीन उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि अन्य के खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
कृषि विभाग की टीम ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित खाद विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी ने मेसर्स यादव खाद भंडार (मलिकपुर), कान्हा ट्रेडर्स (मलिकपुर), गंगोत्री खाद एवं बीज भंडार (मलिकपुर), साक्षी खाद भंडार (मिर्जापुर), मेसर्स यश दीक्षित किसान सेवा केंद्र (सोरों) और रोहित खाद भंडार (सोरों) का निरीक्षण किया।
कासगंज में बरपा प्रकृति का कहर, पति-पत्नी समेत 3 की मौत, 3 बच्चे गंभीर; जानिये कैसे हुआ हादसा
जांच में मेसर्स यादव खाद भंडार, कान्हा ट्रेडर्स और गंगोत्री खाद एवं बीज भंडार पर निर्धारित स्टॉक और रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं मिले। इसके अलावा उर्वरक स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेख भी अधूरे या उपलब्ध नहीं पाए गए। जिला कृषि अधिकारी ने इसे उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 और शासन के निर्देशों का उल्लंघन मानते हुए तीनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर नोटिस जारी किए हैं।
निरीक्षण के दौरान साक्षी खाद भंडार, मिर्जापुर (सोरों) का प्रतिष्ठान बंद मिला। साथ ही स्टॉक और रेट बोर्ड भी अद्यतन नहीं पाए गए। इस पर विभाग ने संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब देने के निर्देश दिए हैं।
‘राम मंदिर के चढ़ावे पर डकैती’, कासगंज में अखिलेश यादव ने भाजपा को जानिये कैसे घेरा
कृषि विभाग का कहना है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Location : Kasganj
Published : 6 August 2026, 7:19 PM IST
Topics : Agriculture Department Fertilizer Dealers Fertilizer Inspection kasganj news Uttar Pradesh News