हिंदी
कोचिंग सेंटर के अंदर शिक्षक की बेरहमी से हत्या(Image Source: X)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के आवास विकास कॉलोनी स्थित वीएस प्लाजा में गणित शिक्षक ओमप्रकाश यादव की हत्या से सनसनी फैल गई। शिक्षक का शव उनकी कोचिंग में मिला। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट के नौ निशान मिले, जिनमें सात धारदार हथियार के हैं। सीसीटीवी में एक युवक शिक्षक की स्कूटी ले जाता दिखाई दिया। पुलिस पुराने परिचितों और विद्यार्थियों से पूछताछ कर रही है।
आगरा के आवास विकास कॉलोनी में कोचिंग सेंटर के अंदर गणित शिक्षक ओमप्रकाश यादव (58) की हत्या के मामले में पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। शिक्षक का गला रेता गया था और उनके शरीर पर सात जगह धारदार हथियार से वार किए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कुल नौ चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले शिक्षक और आरोपी के बीच संघर्ष हुआ होगा। वहीं, कोचिंग के बोर्ड पर मार्कर से 'रेपिस्ट' लिखे जाने के मामले को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है।
कानपुर देहात के मूल निवासी ओमप्रकाश यादव पिछले 30 वर्षों से आगरा में रह रहे थे। वह आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-7 स्थित शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में गणित पढ़ाते थे। उन्होंने सेक्टर-13 में मकान किराए पर लिया था। इसके साथ ही सेक्टर-3 स्थित वीएस प्लाजा में अपनी कोचिंग भी संचालित कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक 2 नवंबर को कोचिंग आए थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटे। अगले दिन विद्यार्थी कोचिंग पहुंचे तो सेंटर बंद मिला। शुक्रवार को कोचिंग के अंदर जमीन पर उनका शव पड़ा मिला। ओमप्रकाश यादव कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों को पढ़ाते थे। इसके अलावा कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थी भी उनके पास पढ़ने आते थे, लेकिन इन कक्षाओं के लिए उनका कोई अलग बैच नहीं था।
ये भी पढ़े: Agra Fire: आगरा में दीपावली पर जूते की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 5 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के मुताबिक, पुलिस ने विद्यार्थियों से पूछताछ की है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। फुटेज में एक युवक शिक्षक की स्कूटी लेकर जाता दिखाई दिया है। वह कोचिंग से अंदर के रास्ते से बाहर निकला था। पुलिस इस युवक की गतिविधियों और उसकी पहचान से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
एसीपी ने बताया कि शिक्षक स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर नहीं गए थे, बल्कि सीधे अपनी कोचिंग पर पहुंच गए थे। वहां उन्होंने शाम करीब सात बजे तक बैच लिया था। पुलिस को आशंका है कि इसके बाद ही उनकी हत्या की गई। हालांकि, घटना के सही समय और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति के संबंध में जांच जारी है।
कोचिंग सेंटर के बोर्ड पर मार्कर से 'रेपिस्ट' लिखा मिला था। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इसे किसने और किन परिस्थितियों में लिखा। पुलिस का मानना है कि संभव है कि जांच को भटकाने के उद्देश्य से ऐसा किया गया हो। हालांकि, इस पहलू को भी जांच से बाहर नहीं किया गया है।
एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि शिक्षक की एक महिला से लगातार बातचीत हो रही थी। घटना के समय वह महिला आगरा से बाहर थी। पुलिस इस बातचीत के अलावा शिक्षक की अन्य कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। कॉल डिटेल सामने आने के बाद यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि घटना से पहले शिक्षक किन-किन लोगों के संपर्क में थे।
पुलिस फिलहाल दो प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहले बिंदु में शिक्षक के पुराने परिचितों और दोस्तों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जबकि दूसरे बिंदु में कोचिंग आने वाले विद्यार्थियों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या का संबंध शिक्षक के स्कूल से था या उनकी कोचिंग से।
ये भी पढ़े: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अखिलेश यादव का सरप्राइज स्टॉप, महिलाओं को दिया दीपावली गिफ्ट
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, ओमप्रकाश यादव के शरीर पर कुल नौ चोट के निशान मिले हैं। इनमें सात निशान धारदार हथियार से किए गए वार के हैं। छाती, कान, जांघ, पेट और गाल पर चोटें पाई गईं। पुलिस के मुताबिक, चोटों की प्रकृति को देखते हुए आशंका है कि शिक्षक ने हमले के दौरान खुद को बचाने के लिए संघर्ष किया होगा या फिर आरोपी वारदात को अंजाम देने में नौसिखिया रहा होगा। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
Location : Agra
Published : 10 November 2026, 9:43 PM IST