
महराजगंज में राइस मिल पर प्रशासन का बड़ा छापा
Maharajganj: जनपद के रामपुर बुजुर्ग क्षेत्र में स्थित महालक्ष्मी मॉडर्न राइस मिल पर मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। यह निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल एवं मंडी सचिव परतावल नैन तारा सिंह के नेतृत्व में किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य मिल में रखे गए धान और चावल के स्टॉक, खरीद-बिक्री अभिलेख तथा राशन से संबंधित संभावित अनियमितताओं की जांच करना था।
निरीक्षण के दौरान टीम ने मिल परिसर में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें कुल 42,997 बोरा धान तथा 1,082 कुंतल चावल पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में खाद्यान्न पाए जाने के बाद अधिकारियों ने मिल प्रबंधन से संबंधित दस्तावेज, खरीद रजिस्टर, मिलिंग रिपोर्ट, परिवहन और वितरण से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा। प्रारंभिक जांच में स्टॉक और अभिलेखों में असमानता की आशंका जताई गई।
कार्रवाई टीम में मंडी इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार, प्रेम शंकर तिवारी, भागवत सिंह एवं धर्मेंद्र सिंह शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े खाद्यान्न की किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को गंभीर अपराध माना जाएगा। इसी क्रम में राशन बरामदगी से संबंधित प्रकरण में मिल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल ने निर्देश दिया कि मिल संचालक तीन दिन के भीतर सभी मूल अभिलेखों के साथ सक्षम प्राधिकारी के समक्ष उपस्थित हों। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Maharajganj News: शुभम हीरो एजेंसी पर इनकम टैक्स का बड़ा एक्शन, गोरखपुर रोड पर मचा हड़कंप
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से जनपद के अन्य राइस मिल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और खाद्यान्न भंडारण व वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 16 December 2025, 7:31 PM IST