दिल्ली से घर लौट रहा था परिवार, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी स्कॉर्पियो, पिता-पुत्री की मौत

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 227 पर स्कॉर्पियो पलटने से होटल कारोबारी अरविंद द्विवेदी और उनकी 15 वर्षीय बेटी आर्या की मौत हो गई। हादसे में परिवार के चार लोग घायल हुए हैं। चालक को नींद आने से हादसे की आशंका जताई जा रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 22 October 2026, 9:11 AM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में होटल कारोबारी और उनकी 15 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार दिल्ली से स्कॉर्पियो में सवार होकर अपने घर लौट रहा था। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 227 के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। शुरुआती आशंका है कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ।

हादसे में पिता-पुत्री की मौत

मृतकों की पहचान 48 वर्षीय अरविंद द्विवेदी और उनकी 15 वर्षीय बेटी आर्या द्विवेदी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के झामदूबे पुरवा गांव के निवासी थे। परिवार दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बदायूं-शाहजहांपुर सीमा के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

नींद आने से हादसे की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक को नींद आने के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे स्कॉर्पियो पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि 15 वर्षीय आर्या द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अरविंद द्विवेदी ने बरेली ले जाते समय दम तोड़ दिया।

चार लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे में अरविंद द्विवेदी की पत्नी, बेटा, बहन और भांजी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तीन घायलों को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक घायल महिला का इलाज दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। साथ ही, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चालकों की सतर्कता और पर्याप्त आराम की अहमियत को सामने ला दिया है।

Location :  Budaun

Published :  22 October 2026, 9:10 AM IST

Advertisement