हिंदी
जालौन में एक मामूली कहासुनी ने पूरे इलाके में अफरा तफरी मचा दी। पूरी घटना जानने के लिए पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट
जालौन: शहर के मुख्य अंबेडकर चौराहा के पास बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मामूली सी कहासुनी ने दो पक्षों के बीच जबरदस्त मारपीट का रूप ले लिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, क्लब मार्केट के बाहर दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। जिसमें लात-घूंसे और डंडे तक चलने लगे।
शुरुआती बहस ने पकड़ा हिंसक मोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक किसी निजी मसले पर आपस में उलझ गए थे। शुरुआती कहासुनी कुछ ही देर में बहस में बदल गई और मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। जल्द ही दोनों पक्षों के अन्य युवक भी मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई।
डंडों और घूंसों से हमला
झगड़े के दौरान कुछ युवक डंडों और लाठी से लैस नजर आए। कई युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए और क्लब मार्केट के बाहर भरे पानी में भी हाथापाई होती रही। राहगीरों और दुकानदारों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद इतना बढ़ चुका था कि कोई भी उन्हें रोक नहीं पाया।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि घटना का पूरा वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर हो रहे हैं और भीड़ तमाशबीन बनी खड़ी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है।
कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच
उरई कोतवाल अरुण कुमार रॉय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जो भी युवक इस मारपीट में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों को जल्द ही चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग करने की अपील की है।