Agra News: गंगा दशहरा पर बटेश्वर में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, यमुना नदी में लगाई भक्ति की छलांग

बुधवार शाम से ही हजारों श्रद्धालु बटेश्वर पहुंचने लगे थे और गुरुवार तड़के से ही यमुना नदी के पवित्र घाटों पर भक्तों की भीड़ देखने को मिली। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 June 2025, 3:16 PM IST
google-preferred

आगरा: गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर आगरा जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से परिपूर्ण तीर्थ स्थल बटेश्वर में श्रद्धालुओं का आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। बुधवार शाम से ही हजारों श्रद्धालु बटेश्वर पहुंचने लगे थे और गुरुवार तड़के से ही यमुना नदी के पवित्र घाटों पर भक्तों की भीड़ देखने को मिली।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गंगा दशहरा के इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में डुबकी लगाकर अपने पापों को धोने का प्रयास किया। इस दौरान बटेश्वर के प्राचीन शिव मंदिरों में भक्तों ने पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ से सुख-शांति, समृद्धि और मोक्ष की कामना की। बटेश्वर वहां के 101 प्राचीन शिव मंदिरों में दिनभर भक्ति की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने विशेष पूजन कर जलाभिषेक किया और अपने परिवार के कल्याण की कामना की।

दान-पुण्य और सेवा शिविरों का आयोजन

नदी में स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा दशहरा के महत्व के अनुसार दान-पुण्य भी किया। स्थान-स्थान पर भंडारे और सेवा शिविरों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण और जलपान की नि:शुल्क व्यवस्था की गई। यह आयोजन श्रद्धालुओं के बीच अपार श्रद्धा और सामूहिक भावना का प्रतीक बना।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। यमुना घाटों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और होमगार्ड तैनात किए गए थे। इसके अलावा, ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी की मदद से भीड़ की निगरानी की जा रही थी। नदी किनारे नावों के माध्यम से पुलिस ने गश्त जारी रखा, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिली। प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं पूरी तरह से सक्रिय और नियंत्रित रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्य पुजारी जयप्रकाश गोस्वामी की बाइट

कार्यक्रम के दौरान बटेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी जयप्रकाश गोस्वामी ने बताया, "गंगा दशहरा का पर्व हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दिन हम यमुना में स्नान कर भगवान शिव और गंगा माता से अपने परिवार के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। बटेश्वर में हर साल इस पर्व को धूमधाम से मनाया जाता है और इस बार भी श्रद्धालुओं का उमड़ा हुआ सैलाब यह दर्शाता है कि लोग अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए कितने समर्पित हैं।"

Location : 
  • Agra

Published : 
  • 5 June 2025, 3:16 PM IST