नौतनवा तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एक युवक का तहसील कर्मियों से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला अधिकारियों तक पहुंच गया और समझाने के प्रयास के दौरान बहस ने उग्र रूप ले लिया।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
Maharajganj: नौतनवा तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एक युवक का तहसील कर्मियों से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला अधिकारियों तक पहुंच गया और समझाने के प्रयास के दौरान बहस ने उग्र रूप ले लिया।
इस दौरान अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे तहसील परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक किसी मामले को लेकर तहसील पहुंचा था, जहां एक कर्मचारी से उसकी कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर तहसीलदार कर्ण सिंह और नायाब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव किया, लेकिन विवाद और बढ़ गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि डायनामाइट न्यूज़ द्वारा नहीं की गई है।
बार एसोसिएशन का पक्ष
बार एसोसिएशन पदाधिकारी एडवोकेट नागेंद्र शुक्ला ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि तहसील परिसर में इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाना चाहिए था।
प्रशासन का बयान
SDM नौतनवा नवीन कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है। युवक किसी अन्य व्यक्ति के विवाद को लेकर आया था, जिसमें पैसों के लेन-देन का पहलू सामने आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।