गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय किशोरी के लापता होने से सनसनी फैल गई है। स्कूल के वार्षिकोत्सव से लौटते समय बस से उतरने के बाद बच्ची घर नहीं पहुंची।

Symbolic Photo
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्कूल के वार्षिकोत्सव से घर लौट रही एक 12 साल की किशोरी अचानक लापता हो गई। मासूम के घर न पहुंचने की खबर ने परिवार ही नहीं, पूरे इलाके की सांसें अटका दीं। शाम ढलते-ढलते घर का माहौल मातम में बदल गया और परिजन बदहवास हालत में बच्ची को तलाशते रहे। महुआडाबर चौकी क्षेत्र के आसपास गांवों में भी इस घटना के बाद डर और दहशत का माहौल है। एक बच्ची का इस तरह अचानक गायब हो जाना लोगों को अंदर तक हिला गया है। हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर स्कूल से घर लौटते वक्त ऐसा क्या हुआ कि बच्ची रास्ते से ही रहस्यमय ढंग से गायब हो गई।
स्कूल कार्यक्रम से लौटी, लेकिन घर नहीं पहुंची
परिजनों के मुताबिक किशोरी रविवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। वह बघागड़ा स्थित एसएस कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। दिनभर स्कूल में कार्यक्रम चलता रहा और शाम को वह स्कूल बस से अपने इलाके के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि बस स्टॉप पर उतरते समय उसने कहा कि बरडाड् चौराहे पर उसकी साइकिल खड़ी है, इसलिए वह वहीं उतर रही है। इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। जब काफी देर तक बच्ची का कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास, रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां तलाश की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद घरवालों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया, जहां से पुष्टि हुई कि बच्ची कार्यक्रम के बाद बस से रवाना हो चुकी थी।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
मामले की सूचना मिलते ही महुआडाबर चौकी पुलिस और खजनी थाना टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। खजनी थानाध्यक्ष जयंत सिंह के मुताबिक बरडांड चौराहे और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बारीकी से जांच की जा रही है। खेत, नहर, बाग-बगीचे और आसपास के कई संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस अपहरण, बहकावे और दूसरी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
महराजगंज में सरकार के 9 साल का रिपोर्ट कार्ड, डीएम ने गिनाईं किसानों समेत ये उपलब्धियां
परिवार की हालत खराब, इलाके में बढ़ी चिंता
इस घटना ने पूरे खजनी क्षेत्र में बेचैनी फैला दी है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और हर गुजरते पल के साथ चिंता बढ़ती जा रही है। आसपास के अभिभावकों में भी डर बैठ गया है और बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता खुलकर सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और जल्द कोई सकारात्मक जानकारी मिल सकती है, लेकिन फिलहाल बच्ची का लापता होना पूरे इलाके के लिए एक बड़ा रहस्य बना हुआ है।