हिंदी
कांवड़ यात्रा (सोर्स- Pinterest)
Lucknow : सावन के दूसरे सोमवार पर उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान कई दर्दनाक हादसे सामने आए। अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में 15 शिवभक्तों की मौत हो गई। 50 से ज्यादा कांवड़िये घायल हो गए। हादसों के बाद कई परिवारों में मातम छा गया। प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार सुरक्षा व्यवस्था के दावे किए जा रहे हैं। हादसों ने कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ते जोखिम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, वाराणसी, कानपुर, फर्रुखाबाद और कन्नौज में सड़क हादसों में एक-एक शिवभक्त की जान गई। वहीं बाराबंकी, हरदोई और कासगंज में दो-दो कांवड़ियों की मौत हुई। सबसे ज्यादा दर्दनाक हादसा अमरोहा में हुआ, जहां तीन शिवभक्तों की मौत हो गई। इन हादसों में कई कांवड़िये गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
अमरोहा के गजरौला क्षेत्र में बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बिलारी क्षेत्र के रहने वाले दो कांवड़िये घायल हो गए थे। इलाज के लिए उन्हें मेरठ भेजा गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं बाइक की टक्कर के बाद म्यूजिक सिस्टम लदा वाहन पलट गया, जिसमें रामपुर निवासी एक कांवड़िये की जान चली गई।
वाराणसी में कैथी स्थित श्री मार्कंडेय महादेव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे आजमगढ़ निवासी एक व्यक्ति की बाइक हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की टक्कर के बाद यह हादसा हुआ।
वहीं बाराबंकी में जलाभिषेक के लिए जा रहे तीन शिवभक्तों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।
हरदोई में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद यात्रा में शामिल लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसके अलावा आगरा-कासगंज मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
लखीमपुर में जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 13 कांवड़िये घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्रा के दौरान तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी हादसों की बड़ी वजह बन रही है। श्रद्धालुओं से सुरक्षित तरीके से यात्रा करने की अपील की जा रही है।
Location : Lucknow
Published : 11 August 2026, 4:01 AM IST