किसने उड़ाए 12 ड्रम तारकोल? महराजगंज में उठ रहे कई सवाल, ठेकेदार पहुंचा थाने

महराजगंज में सड़क निर्माण कार्य के दौरान रखे गए 12 ड्रम तारकोल रहस्यमय तरीके से चोरी हो गए। पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार की शिकायत पर कोल्हुई पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 15 June 2026, 11:10 PM IST

Maharajganj : जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान रखी गई निर्माण सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे रखे गए 12 ड्रम तारकोल के अचानक गायब होने से निर्माण कार्य से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। मामले में पीडब्ल्यूडी के पंजीकृत ठेकेदार ने कोल्हुई थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

सुबह मौके पर पहुंचे कर्मचारी तो गायब मिली सामग्री

जानकारी के अनुसार, ग्राम परसामहंत, थाना फरेन्दा निवासी ठेकेदार सुनील कुमार राय पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत एकसड़वा-पकरडीहा मार्ग के निर्माण कार्य का ठेका लिए हुए हैं। निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली 12 ड्रम तारकोल को 12 जून की रात सड़क किनारे सुरक्षित रखवाया गया था। लेकिन अगले दिन सुबह जब कर्मचारी निर्माण स्थल पर पहुंचे तो वहां से सभी ड्रम गायब मिले।

UP Crime: महराजगंज में बोतल में पेट्रोल नहीं मिला तो कर दिया ये कांड, मचा बवाल

चोरी की आशंका, पुलिस से लगाई गुहार

ठेकेदार का आरोप है कि अज्ञात चोर रात के अंधेरे में सड़क निर्माण के लिए रखी गई तारकोल की ड्रम उठा ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की। ठेकेदार ने चोरी गई सामग्री की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

मामले को लेकर कोल्हुई थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  15 June 2026, 11:10 PM IST