हिंदी
लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन (IMG: Social Media)
Lucknow: लखनऊ की सड़कों पर एक बार फिर छात्रों की आवाज गूंज उठी है। इस बार मामला सिर्फ एक स्कूल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। दुबग्गा स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्र शिक्षकों की कमी और स्कूल की अव्यवस्थाओं को लेकर सड़क पर उतर आए। शुक्रवार को शुरू हुआ यह विरोध सोमवार को एक बार फिर तेज हो गया। छात्रों का कहना है कि तीन दिन पहले अधिकारियों और मंत्री की ओर से जल्द समाधान का भरोसा दिया गया था, लेकिन जमीन पर हालात नहीं बदले।
पूरा मामला शुक्रवार से शुरू हुआ था, जब जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने स्कूल में शिक्षकों की कमी और अन्य समस्याओं को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था। उस दौरान कन्नौज जा रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और विभागीय निदेशक अनुराग यादव ने अपना काफिला रोककर बच्चों से मुलाकात की थी। अधिकारियों ने छात्रों को समझाया था और जल्द से जल्द पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती का भरोसा दिया था। मंत्री और अधिकारियों के आश्वासन के बाद उस समय प्रदर्शन खत्म हो गया था, लेकिन तीन दिन बाद भी कोई बदलाव नजर नहीं आया तो छात्रों का गुस्सा फिर सड़क पर दिखाई दिया।
सोमवार को नाराज छात्र स्कूल से निकलकर बालागंज चौराहे पर पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। छात्रों के सड़क पर बैठने से दुबग्गा और बालागंज मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। सुबह के समय सड़क जाम होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया। हालांकि, इसके बाद कुछ छात्र मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने के लिए आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें बालागंज चौराहे पर रोक लिया और समझाकर वापस भेजा। करीब 10 बजे अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और धरना खत्म किया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
लखनऊ का यह प्रदर्शन अब सिर्फ एक स्कूल की समस्या नहीं रह गया है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में Gen Alpha यानी नई पीढ़ी के छात्र अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं। कई जगह बच्चों की मांगें स्कूलों में शिक्षक, पंखे, साफ पानी, शौचालय, बेहतर मिड-डे मील और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी हैं। वहीं कुछ जगह स्कूल तक सड़क और अन्य सुविधाओं को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर और हमीरपुर, बिहार, राजस्थान के बाड़मेर और जालौर, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और सिरोंज तथा महाराष्ट्र में भी छात्रों के विरोध प्रदर्शन सामने आए हैं। मीरपुर में छात्र पक्की सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बच्चों का कहना है कि खराब रास्तों की वजह से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं अलवर में स्कूल की जर्जर छत गिरने के बाद छात्र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 17 August 2026, 6:49 PM IST
Topics : Gen Alpha GEN Z Lucknow News UP News uttar pradesh