हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img- Internet)
New Delhi: पेशेवर नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म LinkedIn एक नए विवाद में घिर गया है। हाल ही में आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह प्लेटफॉर्म यूजर्स की सहमति के बिना उनके वेब ब्राउजर की जांच कर रहा है। इस खुलासे के बाद डेटा प्राइवेसी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यूरोपीय डिजिटल अधिकार समूह Fairlinked e.V. द्वारा चलाए गए “BrowserGate” अभियान के तहत यह जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार, LinkedIn यूजर्स के ब्राउजर में इंस्टॉल किए गए सॉफ्टवेयर और एक्सटेंशन की जानकारी चुपचाप जुटा सकता है।
जांच में दावा किया गया है कि प्लेटफॉर्म छिपे हुए जावास्क्रिप्ट कोड का उपयोग करता है। जैसे ही यूजर साइट खोलता है, यह कोड बैकग्राउंड में एक्टिव हो जाता है और ब्राउजर में इंस्टॉल एक्सटेंशनों की जांच शुरू कर देता है। यह प्रक्रिया इतनी तेज होती है कि यूजर को इसकी भनक तक नहीं लगती।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह स्कैनिंग खासतौर पर Google Chrome, Microsoft Edge, Opera, Brave और Arc जैसे ब्राउजरों पर सक्रिय होती है। वहीं Firefox और Safari यूजर्स पर इसका असर नहीं पाया गया है।
जावास्क्रिप्ट कोड ब्राउजर एक्सटेंशन से जुड़ी सार्वजनिक फाइलों को एक्सेस करने की कोशिश करता है। इससे यह पता लगाया जाता है कि यूजर के डिवाइस में कौन-कौन से ऐड-ऑन इंस्टॉल हैं। इस पूरी प्रक्रिया में सिर्फ कुछ मिलीसेकंड लगते हैं और यूजर को कोई नोटिफिकेशन भी नहीं मिलता।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की जानकारी से यूजर की पहचान और उसके काम करने के तरीके के बारे में काफी कुछ पता लगाया जा सकता है। LinkedIn प्रोफाइल में पहले से ही नौकरी, कंपनी और स्किल्स जैसी जानकारी होती है। ऐसे में एक्सटेंशन डेटा के साथ मिलाकर यूजर के प्रोफेशनल व्यवहार का गहराई से विश्लेषण किया जा सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस तरह की जानकारी का इस्तेमाल कॉर्पोरेट खुफिया जानकारी जुटाने के लिए किया जा सकता है। इससे यह समझा जा सकता है कि किसी कंपनी में कौन सी तकनीक और सॉफ्टवेयर उपयोग में हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है।
ChatGPT के बाद अब OpenAI देगा युवाओं को नौकरी, LinkedIn को होगी सीधी टक्कर
हालांकि, खबर लिखे जाने तक LinkedIn की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि कंपनी इन दावों को स्वीकार करती है या नहीं।
Location : New Delhi
Published : 6 April 2026, 2:54 PM IST