हिंदी
गूगल का 27वां जन्मदिन
New Delhi: 27 सितंबर 2025 को दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन गूगल अपना 27वां जन्मदिन मना रहा है। यह कंपनी 1998 में स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के दो छात्रों, लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क के एक छोटे से गैराज में शुरू की थी। उस समय उनका उद्देश्य था "दुनिया की जानकारी को व्यवस्थित करना और सभी के लिए सुलभ बनाना"। आज 27 साल बाद गूगल केवल एक सर्च इंजन नहीं, बल्कि जीमेल, यूट्यूब, गूगल मैप्स, एंड्रॉइड और गूगल एआई जैसी कई सेवाओं का विशाल साम्राज्य बन चुका है।
गूगल की परंपरा रही है कि वह हर खास मौके पर अपने होमपेज को रंग-बिरंगे डूडल से सजाता है। 27वें जन्मदिन पर गूगल ने एक खास डूडल जारी किया जिसमें 1998 के पहले लोगो को भी शामिल किया गया। यह डूडल यूजर्स को 90 के दशक की यादों में ले जाता है और गूगल की विकास यात्रा की झलक दिखाता है। कंपनी ने इस डूडल के साथ कहा कि यह उनके पहले लोगो को दिखाकर पुरानी यादें ताजा करने और नई एआई इनोवेशन की झलक दिखाने का प्रयास है।
गूगल का 27वां जन्मदिन
1998 में जब इंटरनेट डायल-अप था और कंप्यूटर भारी-भरकम थे, तब किसी ने भी यह कल्पना नहीं की थी कि सर्च इतना तेज और आसान हो जाएगा कि मोबाइल पर पल भर में सारी जानकारी मिल सकेगी। आज गूगल के बिना हमारा डिजिटल जीवन अधूरा लगता है। न्यूयॉर्क में पिज्जा ढूंढना हो या लॉस एंजेलिस की फ्लाइट ट्रैक करनी हो, हर जगह गूगल हमारी मदद करता है। “जस्ट गूगल इट” अब एक आम वाक्यांश बन चुका है।
Tech News: गूगल कभी भी डिलीट कर सकता है आपका YouTube चैनल, जानिए क्या हैं इसके पीछे की वजह
गूगल का 27वां जन्मदिन केवल बीते सफर का जश्न नहीं है, बल्कि आने वाले भविष्य की भी तैयारी का संकेत है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट डिवाइस और नई तकनीक के माध्यम से गूगल अगले कुछ वर्षों में और भी बड़े बदलाव लाने वाला है। उम्मीद है कि 30वें जन्मदिन तक गूगल अपने इन्नोवेशन के जरिए और भी स्मार्ट और क्रिएटिव सेवाएं प्रस्तुत करेगा।
गूगल का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन 4 सितंबर 1998 को हुआ था, लेकिन 27 सितंबर को इसे जन्मदिन के रूप में मनाने की परंपरा रही है। कंपनी की स्थापना लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन ने की थी। अब गूगल Alphabet Inc. की सहायक कंपनी है, जो 2015 में स्थापित हुई थी। गूगल की कमान वर्तमान में सुंदर पिचाई के हाथ में है, जो कंपनी को नई तकनीकों और वैश्विक विस्तार की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 27 September 2025, 11:22 AM IST
No related posts found.