हिंदी
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि नागोरनो-काराबख क्षेत्र में अर्मेनिया और अजरबैजान के बीच मौजूदा तनाव को कम करने के लिए अमेरिका की ओर से हर संभव प्रयास किए जायेंगे और इस पर विचार किया जा रहा है।
ट्रम्प ने रविवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, “ हम इस विवाद पर नजर बनाए हुए हैं। उस क्षेत्र में हमारे कई देशों के साथ अच्छे संबंध हैं। हम विचार करेंगे कि इस हिंसा को रोकने के लिए हम क्या कर सकते हैं।”
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर अर्मेनिया और अजरबैजान से नागोरनो-काराबख क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम लागू करने की अपील की है और साथ ही कहा है कि इस विवाद में किसी तीसरे पक्ष के शामिल होने से कोई लाभ नहीं होगा तथा हालात और अधिक खराब हो सकते हैं। तुर्की ने अजरबैजान को समर्थन देने की घोषणा की है।
अमेरिका ने दोनों पक्षों से ओएससीई मिंस्क समूह के साथ सहयोग करने और जल्द से जल्द बातचीत शुरू करने का आग्रह किया है। संयुक्त राष्ट्र समेत कई अन्य संगठनों ने भी दोनों देशों से तत्काल प्रभाव से युद्ध विराम लागू करने की अपील की है।
Published : 28 September 2020, 12:37 PM IST
Topics : USA अजरबैजान अमेरिका अर्मेनिया डोनाल्ड ट्रम्प राष्ट्रपति