Akhilesh Yadav: किसान यात्रा के लिय कन्नौज जा रहे अखिलेश यादव पुलिस हिरासत में, गाड़ियां जब्त, सपाइयों में भारी आक्रोश

कृषि कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में किसान यात्रा का आगाज करने जा रहे यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया। पढिये, पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज पर

Updated : 7 December 2020, 4:53 PM IST
google-preferred

लखनऊ: किसानों के आंदोलन के समर्थन में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की किसान यात्रा का आगाज करने कन्नौज जा रहे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पुलिस द्वारा बीच रास्ते में हिरासत में ले लिया गया। प्रशासन ने उनके काफिले में शामिल सभी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। अपने नेता को हिरासत में लिये जाने को लेकर सपाइयों में भारी आक्रोश है। समाजवादी पार्टी ने किसानों के समर्थन में अपना आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है। इससे पहले कन्नौज जाने से रोके जाने पर अखिलेश यादव धरने पर बैठ गए थे।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कन्नौज की किसान मंडी जाकर सपा कि किसान यात्रा को शुरू करने की घोषणा की थी। लेकिन इसी यात्रा के मद्देनजर आज सुबह पुलिस ने अखिलेश यादव को उनके लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया था। लखनऊ में उनके घर के बाहर पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर दी थी। जिसके बाद अखिलेश वहां से पैदल ही निकल पड़े। पुलिस द्वारा रोके जाने पर वे वहां धरने पर बैठ गये थे।

किसान यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने के लिये जा रहे अखिलेश यादव को बाद में पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया। अखिलेश का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस द्वारा ईको गार्डन भेजा जा रहा है, जहां उन्हें कस्टडी में रखा जाएगा।

 

अखिलेश यादव ने कहा कि उनके सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश के कई जिलों में आज गिरफ्तारियां दे रहे हैं। लेकिन पुलिस द्वारा हमें अब कन्नौज नहीं जाने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर हमारे कार्यकर्ताओं व किसानों को जेल में डालना है, तो पुलिस और सरकार हमें भी जेल में डाल सकते हैं।

समाजवादी पार्टी ने कहा कि किसान यात्रा' में शामिल होने निकले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मुख्यमंत्री के आदेश पर असंवैधानिक रूप से पुलिस द्वारा गिरफ्तार करना किसानों की आवाज को सत्ता के जोर पर कुचलने की पराकाष्ठा है।

सपा ने कहा कि किसानों से हो रहे अन्याय के खिलाफ समाजवादियों का संघर्ष जारी रहेगा। अन्नदाता से अन्याय के खिलाफ अंतिम सांस तक समाजवादी संघर्षरत रहेंगे। समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आज यूपी में कई जिलों में बड़े स्तर पर व्यापक प्रदर्शन किया। इस दौरान कई सपाइयों को गिरफ्तार भी किया गया।

Published : 
  • 7 December 2020, 4:53 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement