सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का 83 वर्ष की आयु में निधन, गुरुग्राम के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस

डीएन ब्यूरो

देश के दिग्गज नेता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

मुलायम सिंह यादव का 83 वर्ष की आयु में निधन
मुलायम सिंह यादव का 83 वर्ष की आयु में निधन


नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के संस्थापक, मौजूदा संरक्षक और यूपी के तीन बार के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का सोमवार को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में मुलायम सिंह ने अंतिम सांसें ली। स्वास्थ्य खराब होने के बाद उनका कई दिनों से अस्पताल में इलाज चल रहा था और वे सीसीयू में भर्ती थे। सोमवार सुबह डॉक्टरों ने मुलायम सिंह के निधन की पुष्टि की है, जिसके बाद सपा समेत देश के राजनीतिक गलियारों में शोक छा गया है। 

यह भी पढ़ें: दस साल पुराना मुलायम सिंह यादव का यादगार वीडियो: अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिये देखिये किस कदर बहाया था पसीना

लंबे समय से अस्पताल में पुत्र अखिलेश यादव और पुत्रवधु डिंपल यादव अस्पताल में उनकी देखरेख कर रहे थे।

मुलायम सिंह यादव को बीते दिनों यूरिन संक्रमण के साथ ही ब्लड प्रेशर की समस्या काफी बढ़ गई थी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के चलते मेदांता अस्पताल के ICU में शिफ्ट किया गया था लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं होने के बाद उन्हें सीसीयू में भर्ती किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही थी।

यह भी पढ़ें: जानिये मुलायम सिंह यादव का शिक्षक से सियासत के शिखर पुरुष बनने का रोचक सफर

अस्पताल द्वारा जारी मुलायम सिंह के अंतिम हैल्थ बुलेटिन के अनुसार, वे सीसीयू में वेंटिलेटर पर थे और उन्हें जीवनरक्षक दवाएं दी जा रही थीं। 

अस्पताल में भर्ती होने के बाद से ही मुलायम सिंह के समर्थक, शुभचिंतक, तमाम नेता समेत सपा कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना कर रहे थे। इस बीच अखिलेश यादव और डिंपल यादव अस्पताल में लगातार डॉक्टरों के संपर्क में थे और नेताजी के सेहत की अपडेट ले रहे थे। 

22 नवंबर 1939 को इटावा जनपद के सैफई में जन्मे मुलायम सिंह यादव इस समय मैनपुरी से सांसद थे। वे तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री के अलावा देवगौड़ा और गुजराल सरकार में 1996 से 1998 तक देश के रक्षा मंत्री रहे। वे 7 बार सांसद, 8 बार विधायक और 1 बार एमएलसी रहे।

इन्हें धरती पुत्र और नेताजी के नाम से देश और दुनिया में जाना जाता है।










संबंधित समाचार