हिंदी
नई दिल्ली: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर देश के आम आदमी के निशाने पर आई केंद्र सरकार पर अब रॉबर्ट वाड्रा ने भी जोरदार हमला बोला है। रॉबर्ट वाड्रा ने तेल कीमतों को लेकर जूझ रही देश की आम जनता को समर्थन देने के साथ ही एक बड़ी घोषणा भी की है। रॉबर्ट वाड्रा ने अपनी एक फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि जब तक तेल कीमतों को कम नहीं किया जाता, तब तक वे साइकिल से ही अपने ऑफिस आएंगे और जाएंगे। इसका मतलब साफ हुआ कि राबर्ट आफिस आने-जाने के लिए गाड़ी का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
#PetrolDieselPriceHike pic.twitter.com/VOZ8ykzzRS
— Robert Vadra (@irobertvadra) February 20, 2021
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक रॉबर्ट वाड्रा ने यह बड़ा ऐलान सोशल मीडिया पर किया है। अपने पोस्ट में उन्होंने मोदी सरकार के ‘अच्छे दिन’ वाली बात पर भी बड़ा तंज कसा है। रॉबर्ट वाड्रा ने लिखा है कि तेल कीमतें आज ज्वलंत मुद्दा बना हुआ है। वे (मोदी सरकार) इसको जनता के लिये ‘अच्छे दिन’ हरगिज नहीं कह सकते लेकिन वे इसे ‘महंगे दिन’ जरूर कह सकते हैं।
रॉबर्ट वाड्रा ने लिखा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार 12वें दिन बढ़ोत्तरी हुई है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 97 रूपये प्रति लीटर पहुंच गई है। दिल्ली में पेट्रोल 90.58 और डीजल 80.97 रूपये प्रति लीटर पहुंच चुकी है। तेल कीमतें बढ़ने के साथ ही कई कॉमोडिटी की कीमतों में भी उछाल होने की संभावना है। इससे ऑटोमोटिव सैक्टर पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है और लॉजिस्टिक्स कंपनियां भी अपनी कीमतें बढ़ाएंगी। कोरोना महामारी के बाद तेल कीमतों में लगातार इजाफा होने का प्रभाव देश के हर आदमी पर देखा जा रहा है।
इसके साथ ही रॉबर्ट वाड्रा ने आम जनता की परेशानियों को देखते हुए सरकार से कुछ सकारात्मक कदम उठाने की भी अपील की है और तेल की कीमतों में आगे किसी तरह का इजाफा न करने की भी मांग की है।
Published : 20 February 2021, 11:44 AM IST
No related posts found.