हिंदी
मौके पर पुलिस
Maharajganj: महराजगंज जनपद के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा कल्याण गांव में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शक और पारिवारिक विवाद के चलते एक दामाद ने अपने ही ससुराल में आगजनी कर दी। इस सनसनीखेज घटना में पत्नी समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आरोपी दामाद भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरा कल्याण गांव निवासी उर्मिला की शादी कुछ वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर निवासी नीरज कुमार पुत्र ओमप्रकाश के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दंपती के बीच आपसी विवाद होता रहता था। नीरज को पत्नी पर शक था, जिसको लेकर वह आए दिन ससुराल पक्ष से भी झगड़ा करता था।
सोमवार की शाम करीब आठ बजे नीरज अपने ससुराल पहुंचा था। उस समय घर में ससुर, सास, पत्नी और साला मौजूद थे। आरोप है कि किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद नीरज अचानक मिर्च पाउडर और पेट्रोल लेकर आया। पहले उसने मिर्च पाउडर फेंककर सभी को परेशान किया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। इस घटना में पत्नी, ससुर, सास और साला गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आग लगाते समय आरोपी नीरज भी झुलस गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिंदुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, आरोपी दामाद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक शक और घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Location : Maharajganj
Published : 20 January 2026, 5:24 PM IST
Topics : Attack family dispute Maharajganj petrol police