हिंदी
इराक, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरों का असर महराजगंज में भी दिखने लगा है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें लग गई हैं। लोग वाहनों के साथ-साथ गैलन और बोतलों में भी ईंधन भरकर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं।
पेट्रोल पंपों पर, पेट्रोल डीजल के लिए लगी लंबी कतारें
महराजगंज: इराक, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की खबरों का असर अब भारत के कई हिस्सों की तरह महराजगंज जिले में भी दिखाई देने लगा है। जनपद के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है और पेट्रोल-डीजल लेने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर वाहन चालकों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
शुक्रवार को जिले के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाइक और चार पहिया वाहनों की लंबी कतारें सड़क तक पहुंच गईं। लोग जल्द से जल्द पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए परेशान दिखाई दिए। कुछ स्थानों पर भीड़ इतनी अधिक हो गई कि यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती नजर आई।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इराक, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से तेजी से फैल रही हैं। इसी वजह से लोगों में आशंका पैदा हो गई है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो सकती है। इस आशंका के चलते लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदकर जमा करने में जुट गए हैं।
UPSC Result 2025: कौन हैं राघव झुनझनवाला जिन्होंने टॉप टेन में मारी बाजी, हासिल की ये रैंक
पेट्रोल पंपों पर कई लोग अपने वाहनों के अलावा गैलन, डिब्बों और प्लास्टिक की बोतलों में भी पेट्रोल और डीजल भरवाते नजर आए। कुछ लोग घरों में ईंधन डंप करने के उद्देश्य से अतिरिक्त मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि फिलहाल आपूर्ति सामान्य है, लेकिन अचानक बढ़ी भीड़ के कारण दिक्कतें जरूर हो रही हैं।
इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
डाइनामाइट न्यूज के संवाददाता से बातचीत के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर कुछ खबरें जरूर सामने आ रही हैं, लेकिन जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है।उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। पेट्रोल और डीजल की सप्लाई नियमित रूप से हो रही है और सभी पेट्रोल पंपों को पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कितना चुनौतीपूर्ण है UPSC परीक्षा पास करना, जानिये क्या-क्या तैयारियां करनी पड़ती हैं…
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाहों के कारण जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ की स्थिति बन रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे संयम बरतें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आने वाले एक-दो दिनों में हालात पूरी तरह स्पष्ट हो जाएंगे।