रायबरेली एम्स में स्टॉफ और नियुक्तियों का मुद्दा उठा था संसद में, जानिये इसकी असलियत

रायबरेली के सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुंशीगंज स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( एम्स) में स्टाफ व बुनियादी चीजों की कमी का मुद्दा लोकसभा सदन में उठाया था। अब इस मामले पर जवाब मिल गया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Updated : 10 December 2024, 1:21 PM IST
google-preferred

रायबरेली: रायबरेली के सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जनपद के मुंशीगंज स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में स्टाफ व बुनियादी चीजों की कमी का मुद्दा लोकसभा सदन में उठाया था। जिसको लेकर उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को एक पत्र भी लिखा था। अब इस पत्र पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री प्रताप राव जाधव ने जवाब दिया है। 

अब प्रताप राव जाधव ने राहुल गांधी के सवालों के जवाब में बताया कि रायबरेली एम्स में संकाय पद 201 पदों के सापेक्ष 106 पद भरे जा चुके हैं। वहीं गैर संकाय पद में 1425 स्वीकृत पद में से 905 पद भरे गए हैं।

उन्होंने कहा कि पदों का सृजन और भर्ती एक सतत प्रक्रिया है। एम्स में रिक्त पदों को शीघ्रता से भरने के लिए गैर संकाय पदों के लिए केंद्रीकृत नर्सिंग अधिकारी भर्ती सामान्य पात्रता परीक्षा (एन ओ आर सी आई टी) और सामान्य भर्ती परीक्षा ( सीआरई ) एम्स दिल्ली द्वारा आयोजित की जाती है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एम्स के अंदर 140 आवासीय रूम के निर्माण के लिए धन स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण के लिए 97.61 करोड रुपए की स्वीकृति दी गई है। एआईआईएमएस रायबरेली में 84 टाइप 3, 28 टाइप 4 और 28 टाइप 5 आवासीय क्वार्टर का निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

गौरतलब है कि शीतकालीन सत्र के दौरान सांसद राहुल गांधी ने के केंद्रीय स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री से पूछा था कि एम्स रायबरेली में स्टाफ की भारी  कमी को दूर करने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है। वहीं स्वीकृत अनुमोदित पद और गैर संकाय पदों सहित वर्तमान रिक्तियों का ब्यौरा क्या है।

उन्होंने पूछा कि क्या सरकार ने एम्स रायबरेली द्वारा प्रस्तुत अतिरिक्त पदों के सृजन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है और रायबरेली में बुनियादी ढांचे की कमी के कारण मरीजों की देखभाल में बाधा उत्पन्न हो रही है। साथ ही एम्स में आवश्यक बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए प्रस्तुत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर )की स्थिति इस समय क्या है ? उसके बारे में भी अवगत कराएं।

Published :  10 December 2024, 1:21 PM IST

Related News

Advertisement