हिंदी
लखनऊ: हाल के दिनों में पुलिस से अपने एनकाउंटर की आशंका जताकर चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक विजय मिश्र को पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। हाल में ही विजय मिश्र ने अपना एक वीडियो जारी करके खुद के एनकाउंटर होने की आशंका जताई थी। विजय मिश्र उत्तर प्रदेश के ज्ञानपुर से निषाद पार्टी के विधायक हैं।

जानकारी के मुताबिक विजय मिश्र की गिरफ्तारी भदोही पुलिस की सूचना पर एमपी पुलिस द्वारा की गयी। उन्हें मध्य प्रदेश के आगर जिले के मालवा से गिरफ्तार किया गया। भदोही के पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने एक प्रेस कांफ्रेंस में विधायक की गिरफ्तारी की पुष्टि की।
पुलिस ने बीते 8 अगस्त को विधायक विजय मिश्र, उनकी पत्नी और एमएलसी रामलली मिश्र और उनके कारोबारी पुत्र विष्णु मिश्र के खिलाफ मामला दर्ज किया था। यह मामला कृष्णमोहन तिवारी द्वारा दर्ज कराया गया था। सभी पर मारपीट करने और संपत्ति हड़पने का आरोप है। पुलिस ने हाल ही में विजय मिश्र पर गुंडा एक्ट लगाया था।
Published : 14 August 2020, 12:19 PM IST
No related posts found.