कितने तेजस्वी लोग हैं, नीतीश कुमार के जाते ही मछलियां लूट ले गये

बिहार के सहरसा में एक कार्यक्रम में लोगों ने तोड़फोड़ कर मछलियां लूट लीं। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 22 September 2024, 9:41 AM IST
google-preferred

सहरसा: बिहार के सहरसा (Saharsa) जिले में बीती शनिवार को सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल हुये थे। सीएम के जाने के बाद कार्यक्रम में लोगों ने उत्पात मचा दिया। वहां लोगों ने मछली पालन के लिए रखे गये बायोफ्लॉक को तोड़ दिया और सारी मछलियां (Fish) ही लूट लीं। हद तो तब हुई जब लोगों ने कहा कि वह नीतीश कुमार को देखने नहीं बल्कि मछली लेने आये थे। 

अमरपुर में लगी थी प्रदर्शनी
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक सीएम नीतीश कुमार शनिवार को सहरसा आये थे। उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने सबसे पहले दिवारी (Diwari) स्थित मां विषहरी मंदिर का उद्घाटन किया। फिर उन्होंने अमरपुर (Amarpur) में सरकारी कार्यक्रम में शिरकत की। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी (Exhibition) लगाई गई थी। नीतीश कुमार ने इन प्रदर्शनियों का निरीक्षण भी किया।

बायोफ्लॉक पर लोगों का धावा, लूटीं मछलियां 
यहां प्रदर्शनियों में मत्स्य विभाग (Fisheries Department) द्वारा एक बायोफ्लॉक भी लगाया गया था। बायोफ्लॉक एक ऐसी तकनीक है जिसमें विशेष प्रकार के बैक्टीरिया की मदद से मछली पालन किया जाता है। इस बायोफ्लॉक (Bioflock) में कई तरह की मछलियाँ तैर रही थीं। जैसे ही नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर (Helocopter) से कार्यक्रम से रवाना हुए तो लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई और उन्होंने बायोफ्लॉक पर धावा बोल उसे तोड़ दिया। लोगों ने सारी मछलियां लूट लीं। 

जिला मत्स्य पदाधिकारी ने दी जानकारी
इस संबंध में जिला मत्स्य पदाधिकारी सुबोध कुमार (District Fisheries Officer Subodh Kumar) ने बताया कि कार्यक्रम में मछली पालन (Fisheries) का डेमो (Demo) रखा गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद ग्रामीणों की भीड़ अचानक से बायोफ्लॉक में घुस गई। उन्होंने तोड़फोड़ कर मछलियों को लूट लिया। लोगों की इस हरकत की वजह से बायोफ्लॉक को भी नुकसान पहुंचा है। इस वजह से 45 हजार रुपयों का नुकसान भी हो गया।