Narayan Rane: केंद्रीय मंत्री नारायण राणे गिरफ्तार, कोर्ट से भी अग्रिम जमानत याचिका खारिज, जानिये पूरा मामला

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के खिलाफ चार अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अब उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। पढ़िये आखिर क्या है पूरा मामला

Updated : 24 August 2021, 5:06 PM IST
google-preferred

मुंबई: केंद्रीय मंत्री नारायण राणे द्वारा भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान रायगढ़ में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर दिए गए बयान के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। राणे के खिलाफ चार अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले रत्नागिरी कोर्ट ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। 

बता दें कि केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक बयान देने के बाद महाराष्ट्र में सियासत तेज हो गई। राणे ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान उद्धव ठाकरे को थप्पड़ मारने की बात कही थी, जिसके बाद उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करायी गई। राणे के बयान पर आपत्ति जताते हुए शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर तोड़फोड़ की। नासिक स्थित भाजपा के दफ्तर पर नारे लगाते हुए पत्थर फेंके गए।

वहीं नारायण राणे के आवास के पास शिवसेना, भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प हो गई। राणे की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई और पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाये जा रहे हैं।  

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ़्तारी पर महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने पुणे में कहा कि केंद्रीय कैबिनेट मंत्री को गिरफ़्तार करना महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार हो रहा है। यह सत्ता का दुरुपयोग है। हम इसे सहन नहीं करेंगे। 

Published : 
  • 24 August 2021, 5:06 PM IST

Advertisement
Advertisement