टेक और स्टार्टअप को बढ़ावा देने सही मौका है आईटी-डे फेस्टिवल, जानिए कब और कहा हो रहा आयोजित

राज्य के युवाओं को सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कुशल बनाने, रोजगार सृजित करने और राज्य हित में भविष्य की संभावनाएं तलाशने के लक्ष्य से जयपुर में 19 मार्च से तीन दिवसीय आईटी-डे फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 16 March 2023, 3:08 PM IST
google-preferred

जयपुर: राज्य के युवाओं को सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कुशल बनाने, रोजगार सृजित करने और राज्य हित में भविष्य की संभावनाएं तलाशने के लक्ष्य से जयपुर में 19 मार्च से तीन दिवसीय आईटी-डे फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आयोजन के लिए 36.82 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।

सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, राजस्थान कॉलेज, कॉमर्स कॉलेज और जवाहर कला केंद्र परिसर में 19 से 21 मार्च तक सूचना प्रौद्योगिकी संबंधित गतिविधियां और विशेषज्ञों के बीच मंथन होगा।

उत्सव में देश के प्रसिद्ध विशेषज्ञों के बीच पैनल चर्चा के साथ ही स्टार्टअप के लिए ‘लाइव पिचिंग सेशन’ भी होंगे।

विज्ञप्ति के अनुसार, युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए संकल्पबद्ध राज्य सरकार द्वारा कॉमर्स कॉलेज परिसर में ‘रोजगार मेला’ लगाया जाएगा और इसमें युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए देशभर से नामी 400 से अधिक नियोक्ता कम्पनियां हिस्सा लेगी।

कई नियोक्ताओं द्वारा अभ्यार्थियों का मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयन किया जाएगा। लगभग 20 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। इनमें आईटी फील्ड, बीपीओ, इंजीनियरिंग, टेलीकॉम, सिविल, बैंकिंग एंड फाइनेंस, कंसल्टिंग, रिटेल, इलेक्ट्रिकल सहित मल्टी प्रोफाइल जॉब्स ऑफर किए जाएंगे।

इसका उद्देश्य छात्रों के बीच नवाचार, समस्या-समाधान और लीक से हटकर सोचने की संस्कृति विकसित करना है।

साथ ही एक लाख से अधिक प्रतिभागियों के बीच ऑनलाइन हैकाथॉन 19 मार्च सुबह 11 बजे से 20 मार्च सुबह 11 बजे तक होगा। इन दोनों ही मोड में वर्चुअल एंड ऑगमेंटेड रियलिटी, ब्लॉकचैन, एजुकेशन एंड लर्निंग, एग्रीकल्चर एंड फूड सिक्योरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सस्टेनेबिलिटी, फाइनेंशियल इन्क्लुजन एंड इकोनॉमिक एम्पॉवरमेंट, स्मार्ट सिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर, सोशल इम्पैक्ट सहित कई विषय रखे गए हैं।

इसमें विजेता को 25 लाख रुपए, द्वितीय विजेता को 20 लाख रुपए और तृतीय विजेता को 15 लाख रुपए के पुरस्कार मिलेंगे।

डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में ‘स्मार्ट विलेज‘ बनाया जाएगा। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की आदर्श रूपरेखा, कृषि यंत्र, ड्रोन, स्प्रिंकलर सिस्टम, जीआईएस, वाटरशेड, डिजिटल ट्रांसजेक्शन, ई-मित्र, ई-मित्र प्लस मशीन सहित स्मार्ट विलेज की अवधारणा को पूरा करने वाले सभी तकनीकें देखने को मिलेगी।

Published : 
  • 16 March 2023, 3:08 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement