Gorakhpur News: गोरखपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में बना नया कीर्तिमान, जानिए क्या है नया रिकॉर्ड

गोरखपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत ने उपलब्धि हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर लिया है। डाइनामाइट न्यूज़ की इस रिपोर्ट में जानिए क्या बना रिकॉर्ड

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 8 March 2025, 7:20 PM IST
google-preferred

गोरखपुर: जनपद में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। महानगरों को पीछे छोड़ते हुए भारत के किसी एक जिले द्वारा यह नया रिकॉर्ड बनाया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 9,87,634 वादों का निस्तारण किया गया। इनमें से पारिवारिक विवादों से जुड़े 111 वादों का निपटारा प्री-लिटिगेशन और लिटिगेशन स्तर पर किया गया। वहीं, विभिन्न बैंकों, फाइनेंस कंपनियों और भारत दूरसंचार निगम (BSNL) से जुड़े 1,023 वादों का भी निपटारा हुआ, जिसमें कुल ₹6,57,29,413.00 की नगद वसूली दर्ज की गई। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी अपर जनपद न्यायाधीश विकास सिंह, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गोरखपुर ने दी।

कौन-कौन रहा उपस्थित?

राष्ट्रीय लोक अदालत का उ‌द्घाटन आज सुबह 10:30 बजे जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तेज प्रताप तिवारी के कर कमलों द्वारा किया गया। समारोह में गोरखपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, मंत्री और कई न्यायिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

जनपद न्यायाधीश द्वारा स्वयं 03 वादों का निस्तारण किया गया, जबकि प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) ने 39 वादों का निपटारा किया। पीठासीन अधिकारी (वाणिज्यिक न्यायालय) द्वारा 07 वादों, तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी द्वारा 265 वादों का समाधान किया गया।

26,937 अपराधिक वादों का निस्तारण

समस्त न्यायालयों द्वारा कुल 26,937 अपराधिक वादों का निस्तारण किया गया जनपद के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) / नोडल अधिकारी, उप जिलाधिकारीगण एवं अन्य राजस्व अधिकारियों द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई। राजस्व व अन्य विभागों द्वारा कुल 9,58,746 प्री-लिटिगेशन वादों का निस्तारण किया गया।

गौरतलब है कि आज की राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 10,16,199 वादों को निस्तारण के लिए सूचीबद्ध किया गया था, जिनमें से 9,87,634 वादों का सफल समाधान कर गोरखपुर ने नया रिकॉर्ड कायम किया।
 

Published :