दिल्ली की तीस हजारी अदालत में गोलीबारी, कोई हताहत नहीं

दिल्ली के तीस हजारी अदालत परिसर में यहां बुधवार को दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। पुलिस का कहना है कि गोलीबारी की इस घटना में कथित रूप से वकीलों के दो समूह शामिल थे।

Updated : 5 July 2023, 6:31 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: दिल्ली के तीस हजारी अदालत परिसर में यहां बुधवार को दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। पुलिस का कहना है कि गोलीबारी की इस घटना में कथित रूप से वकीलों के दो समूह शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा, “तीस हजारी अदालत में बुधवार को अपराह्न करीब 1:35 बजे गोलीबारी की घटना हुई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि पदाधिकारियों सहित वकीलों के दो समूहों ने कथित रूप से हवा में गोलियां चलाईं। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।”

सोशल मीडिया पर प्रसारित घटना के वीडियो में एक व्यक्ति हवा में गोली चलाता हुआ दिखाई दे रहा है जबकि अन्य लोग पत्थर फेंकते और लकड़ियों की तख्तियां उछालते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में दो समूह, जिसमें से ज्यादातर लोग सफेद कमीज में हैं, हाथों में डंडे लिए और एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वहीं एक और वीडियो में गोलीबारी के घटनास्थल पर खोखे भी देखे जा सकते हैं।

पुलिस के मुताबिक, हालात सामान्य हैं और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि संयुक्त पुलिस आयुक्त (मध्य रेंज) परमादित्य भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस दल जांच कर रहे हैं और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि अभी इस बात का पता नहीं चला है कि हथियार लाइसेंसी थे या गैर-लाइसेंसी।

 

Published : 
  • 5 July 2023, 6:31 PM IST

Related News

No related posts found.