
फतेहपुर: जिले के बिंदकी तहसील स्थित औद्योगिक क्षेत्र सौंरा में एक फैक्ट्री में आग लगने से चार मजदूर झुलस गए। हादसा गुरुवार रात ए आर थर्मोसेट्स फैक्ट्री में हुआ, जब थर्मिस के बर्नर से अचानक आग निकलने लगी।
आग की चपेट में आने वाले मजदूरों में रामबाबू (हेल्पर) निवासी दौलतपुर, थाना कल्यानपुर, राजकुमार (हेल्पर) निवासी बड़ा बगहा, थाना मलवां, महेन्द्र बर्मा (बाथमेन) फैक्ट्री एरिया की कॉलोनी में रहने वाले, मूल रूप से सुल्तानपुर निवासी, राजेश पटेल (गार्ड) निवासी मेवली, थाना मलवां हैं।
इलाज के लिए पहुंचाया गया अस्पताल
फैक्ट्री के सुपरवाइजर राजकुमार ने तुरंत सभी घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दिलाई और जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा। रामबाबू और महेन्द्र बर्मा मामूली रूप से झुलसे थे, इलाज के बाद वे वापस लौट आए। राजकुमार और राजेश की हालत गंभीर बनी हुई है, दोनों का इलाज सदर अस्पताल फतेहपुर में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष मलवां अभिलाष तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, घायल मजदूरों के परिजन अस्पताल में मौजूद हैं और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Published : 7 March 2025, 7:27 PM IST
Topics : burnt District Hospital Dynamite News factory Fatehpur fire Labour latest UP News UP Police