हिंदी
नई दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ देश में चल रहे किसान आंदोलन को कथित तौर पर उकसाने के लिये सोशल मीडिया पर ‘टूलकिट’ को शेयर करने के मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई जारी है। इस केस दिशा रवि की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके करीबियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि टूलकिट मामले में दिशा रवि की करीबी निकिता जैकब फरार हो गई है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने निकिता जैकब के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी करवा दिया है।
जानकारी के मुताबिक टूल किट मामले में वांछित निकिता जैकब के अलावा शांतानु भी पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिये फरार हैं, उसके खिलाफ भी पुलिस ने गैर जमानती वारंट जारी करवा दिया है। आरोपों के मुताबिक दोनों ने पुलिस जांच में शामिल होने की बात की थी और इसकी लिये संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किये थे लेकिन पूछताछ से ऐन पहले दोनों फरार हो गये हैं।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के हवाले से प्रकाशित कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पुलिस टीम 11 फरवरी को निकिता जैकब के घर सर्च करने गई थी। पुलिस टीम शाम के वक्त निकिता के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जांचने गई थी लेकिन देर शाम हो जाने के कारण उस दिन उससे पूछताछ नहीं हो सकी।
बताया जाता है कि निकिता से स्पेशल सेल ने पूछताछ से संबंधित दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर करवाये थे, जिसमें निकिता ने पूछताछ और जांच में शामिल होने और सहयोग करने की सहमति दी थी लेकिन उसके बाद निकिता अंडरग्राउंड हो गई। निकिता जैकब पैशे से वकील हैं और वह भी दिशा रवि की तरह पहले भी पर्यावरण से जुड़े मुद्दे उठाती रहीं है।
Published : 15 February 2021, 1:10 PM IST
Topics : Delhi Police Nikita Jacob Shantanu Toolkit Case गिरफ्तारी गैर जमानती वारंट टूलकिट केस दिल्ली पुलिस निकिता जैकब