हिंदी
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में शिक्षा मंत्रालय तक लॉन्ग मार्च निकालने की कोशिश के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। कई पुलिस अधिकारी घायल हुए और हालात काबू करने के लिए पुलिस को सख्ती करनी पड़ी।
JNU में बवाल
New Delhi: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में शिक्षा मंत्रालय तक मार्च निकालने को लेकर छात्रों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया और कुछ छात्रों को हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, छात्रों को पहले ही साफ कर दिया गया था कि कैंपस से शिक्षा मंत्रालय तक किसी तरह के सड़क मार्च की इजाजत नहीं है। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपील की थी कि विरोध प्रदर्शन कैंपस के अंदर ही सीमित रखा जाए। लेकिन दोपहर करीब 3:20 बजे 400 से 500 छात्र अचानक मेन गेट से बाहर निकल आए। इसके बाद पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो हालात बेकाबू हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्र भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों पर डंडों और बैनरों से हमला किया। जूते फेंके गए और हाथापाई की नौबत तक आ गई। पुलिस का दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने झड़प के दौरान जवानों को दांतों से काटने तक की कोशिश की। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें किशनगढ़ और सरोजिनी नगर के SHO भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाई और उपद्रव कर रहे छात्रों को नॉर्थ गेट के पास ही रोक दिया। काफी मशक्कत के बाद भीड़ को धीरे-धीरे वापस कैंपस के अंदर धकेला गया। इस दौरान कई छात्रों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।