हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img X)
नई दिल्ली: कंबोडिया में बैठकर साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहे अंतरराष्ट्रीय गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने गिरोह को म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये की संदिग्ध रकम भी होल्ड कराई है। इस कार्रवाई से आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों का भी खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश खान (31), इंतखाब (27), अल्ताफ हुसैन (45), मोहम्मद महफूजुर रहमान (41) और इजहार आलम (34) के रूप में हुई है।
IFSO के डीसीपी गौरव त्यागी ने बताया कि स्पेशल सेल में दर्ज एफआईआर की जांच के दौरान पुलिस को साइबर ठगों को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले गिरोह की जानकारी मिली थी। जांच में पता चला कि गिरोह के कुछ सदस्य द्वारका के एक होटल में ठहरे हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी HDFC बैंक में M/s MR Traders के नाम से खुले खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए कर रहे थे। इसके बाद IFSO के एसीपी विवेकानंद झा की देखरेख में पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बैंक खाते की चेकबुक और छह मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में 'SMS TOOLS' नाम का एक संदिग्ध ऐप मिला है। इसका इस्तेमाल कथित तौर पर बैंकिंग संदेश और ओटीपी विदेश में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस को मोबाइल फोन से वॉट्सऐप और टेलीग्राम चैट, क्रिप्टोकरेंसी के लेनदेन का ब्योरा और अन्य डिजिटल सबूत भी मिले हैं। जांच के दौरान सात ऐसे टेलीग्राम चैनलों का पता चला है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर म्यूल बैंक अकाउंट की खरीद-फरोख्त के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने एक म्यूल बैंक अकाउंट में करीब दो करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता लगाया। इसके बाद IFSO की टीम ने HDFC बैंक के अधिकारियों के साथ मिलकर पूरी रकम होल्ड करा दी। इस बैंक खाते का संबंध आंध्र प्रदेश में दर्ज साइबर ठगी के दो मामलों से भी मिला है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, विदेश में बैठे हैंडलरों और अतिरिक्त म्यूल बैंक अकाउंट का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही ठगी की रकम के पूरे मनी ट्रेल और कंबोडिया में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 28 November 2026, 10:44 AM IST
Topics : Cambodia Cyber Fraud Delhi Cyber Crime Delhi Police mule bank accounts telegram cyber fraud