
जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से की बेटी के साथ छेड़छाड़ की हैरान करने वाली घटना सामने आई है।
बेटी से छेड़छाड़ की घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे रविवार सुबह खुद पुलिस स्टेशन पहुंची और मामले में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक जळगाव के संत मुक्ताई यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री की बेटी और उनकी सहेलियों के साथ छेड़छाड़ की यह घटना मुक्ताईनगर तालुका के कोथळी गांव में घटी, जहां महाशिवरात्रि के साप्ताहिक अवसर पर संत मुक्ताई यात्रा का आयोजन किया गया था।
शुक्रवार देर शाम, जब केंद्रीय मंत्री की बेटी अपनी सहेलियों के साथ यात्रा में शामिल थीं, तभी चार से पांच अज्ञात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया। इन लड़कों ने लड़कियों की टोली पर फब्तियां कसनी शुरू की और उनसे छेड़छाड़ करना शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये युवक छुपकर मोबाइल से वीडियो बना रहे थे और अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। युवकों की हरकतें बढ़ती देख सुरक्षा रक्षक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे और विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड के साथ धक्का-मुक्की की।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जमा हो गए, जिसके बाद मामला मुक्ताईनगर पुलिस स्टेशन तक पहुंचा।
Published : 2 March 2025, 1:40 PM IST
Topics : crime news Dynamite News Jalgaon maharashtra mahashivratri Mumbai Mumbai Police Raksha Khadse FIR Union Minister daughter