यूपी विधानसभा का घेराव, कांग्रेसी नेता किये जा रहे नजरबंद व गिरफ्तार

यूपी के लखनऊ में विधानसभा घेराव के ऐलान के बाद कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तारव नजरबंद किया जा रहा है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 18 December 2024, 1:48 PM IST
google-preferred

लखनऊ: कांग्रेस पार्टी के विधानसभा घेराव के ऐलान के बाद कांग्रेसी नेता भारी संख्या में लखनऊ पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेताओं को रोकने के लिये हाउस अरेस्ट किया जा रहा है। जगह-जगह बैरीकेडिंग की गई है। इसके अलावा लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर आरएएफ के जवानों की तैनाती कर दी गई है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर मौजूद नेताओं की गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्हें बस में इको गार्डेन ले जाया जाएगा।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए नुकीली बैरीकेडिंग की गई है। ये 'भाले' हमारे कार्यकर्ताओं को गंभीर चोट पहुंचाएंगे। ये सरकार हमारे कार्यकर्ताओं को मारना चाहती है। गाजीपुर बॉर्डर पर हमारे कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है, लेकिन हम विधानसभा में प्रवेश करेंगे। इस बीच पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, निवर्तमान प्रदेश महासचिव संगठन अनिल यादव और दिनेश सिंह सहित दो दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ नेताओं को नोटिस भेजा है। इन नेताओं के घर पर शाम से ही पुलिस का पहरा लगा दिया है।

अजय राय का बयान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी को देखते हुए विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय किया गया है। विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता लखनऊ पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि जैसे मोदी सरकार ने किसानों को रोकने के लिए कांटों की दीवार खड़ी की थी वैसे ही योगी सरकार ने विधानसभा घेरने जाने वाले कांग्रेसियों की राहों पर कांटे बिछा दिये हैं, लेकिन इस हरकत से हम डरने वाले नहीं हैं। ना ही ये कांटों वाले ऊंचे-ऊंचे बैरिकेड्स हमारे हौसले और हिम्मत को डिगा पाएंगे। लखनऊ में विधानसभा घेराव को लेकर कांग्रेस कार्यालय की ओर जाने वाली सड़क को बन्द कर दिया गया। इसकी वजह से लाल बत्ती चौराहे से लोहिया पथ की ओर यातायात धीमी गति से चलता रहा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा का घेराव करने की घोषणा के बाद बुधवार सुबह से ही पुलिस सक्रिय है। लखनऊ अयोध्या, बाराबंकी बहराइच हाईवे पर नाकेबंदी कर दी गई। कांग्रेस पदाधिकारियों को उनके घर पर नजरबंद करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। कंपनी बाग में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। 

रायबरेली में कांग्रेस नेता नजरबंद
रायबरेली में कांग्रेस नेता व राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी को घर में ही नजरबंद कर लिया गया। उन्होंने कहा कि हमें अकेले भी सरकार नहीं जाने दे रही है। उन्होंने कहा कि हम विधानसभा का घेराव कर प्रदेश की कानून व्यवस्था और जनता के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करना चाहते हैं। हमसे कहा जा रहा है कि हम कानून का उल्लंघन करेंगे।