Bihar Politics: सीएम नीतीश कुमार ने किया बड़ा दावा, जानिए एनडीए को लेकर क्या बोले

नौवीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने दावा किया कि अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) छोड़कर कहीं और जाने का कोई सवाल ही नहीं है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 29 January 2024, 10:40 AM IST
google-preferred

पटना: बिहार में नाटकीय उलटफेर के बाद रविवार को रिकॉर्ड नौवीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष नीतीश कुमार ने दावा किया कि अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) छोड़कर कहीं और जाने का कोई सवाल ही नहीं है।

यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार ने 9वीं बार ली बिहार के मुख्यमंत्री की शपथ, जानिये शपथ ग्रहण की खास बातें

बिहार की महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री के तौर पर इस्तीफा देने के बाद विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में स्थिति ठीक नहीं होने का दावा करने वाले नीतीश को कुछ ही घंटों बाद राजग की नयी सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में यहां राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने शपथ दिलायी।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार जदयू नेता कुमार (72) ने शपथ ग्रहण के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं पहले भी उनके (राजग) साथ था। हम अलग-अलग रास्तों पर चले गए लेकिन अब हम साथ हैं और रहेंगे....मैं जहां (राजग) था, वहां वापस आ गया और अब कहीं जाने का सवाल ही नहीं उठता।’’

उन्होंने कहा कि रविवार को कुल आठ लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली और बाकी लोगों के नाम जल्द ही तय कर लिये जायेंगे।

यह भी पढ़ें: सीएम नीतीश कुमार के साथ 8 मंत्री लेंगे शपथ, जानिये बिहार के नये मंत्रिमंडल के बारे में

कुमार ने कहा कि भाजपा नेता सम्राट चौधरी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा उपमुख्यमंत्री होंगे। कुमार ने यह भी दोहराया कि वह बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कुमार ने 'एक्स' पर अपने एक पोस्ट में कहा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दी गई बधाई एवं शुभकामना के लिए मैं अपनी ओर से और समस्त बिहारवासियों की ओर से आभार प्रकट करता हूं तथा उनके सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। बिहार में राजग गठबंधन के साथ नयी सरकार का गठन हो चुका है। जनता मालिक है और उनकी सेवा करना हमारा मूल उद्देश्य। केंद्र और राज्य में राजग गठबंधन की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिलेगी और राज्यवासियों की बेहतरी होगी।'