आगरा: पांच साल के लिए अखिलेश यादव फिर चुने गये सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

समाजवादी पार्टी के आगरा में चल रहे राष्ट्रीय सम्मेलन में अखिलेश यादव को आज 5 वर्षों के लिये पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष एक बार फिर चुन लिया गया है।

Updated : 5 October 2017, 10:43 AM IST
google-preferred

आगरा: ताजनगरी के तारघर मैदान में चल रहे समाजवादी पार्टी के 10 वें राष्ट्रीय सम्मेलन में अखिलेश यादव को 5 वर्षों के लिये पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। अखिलेश यादव के अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही तमाम तरह की अटकलों को भी विराम लग गया है। सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। अखिलेश लगातार दूसरी बार पार्टी के अध्यक्ष बने हैं। अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा राज्यसभा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने अखिलेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की।  इस दौरान जया बच्चन, डिंपल यादव, राम गोपाल यादव, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, सांसद नरेश अग्रवाल समेत कई बड़े समाजवादी नेता और हजारों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा ने किसानों को धोखा दिया

सम्मेलन में मौजूद महिला कार्यकर्ता

अखिलेश के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी सपा
अखिलेश को इससे पहले लखनऊ में जनवरी, 2017 में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में मुलायम सिंह यादव के स्थान पर सपा का अध्यक्ष बनाया गया था। अखिलेश के दोबारा सपा अध्यक्ष बनने के साथ कई चीजें भी साफ हो गयी है। सपा अब वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव और 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अखिलेश के नेतृत्व में ही लड़ेगी। 

यह भी पढ़ें: ताजनगरी में सपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, कई मुद्दों पर मंथन

पार्टी के संविधान में संशोधन
ताजनगरी के तारघर मैदान में आयोजित सपा के 10वें राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी हुई, जिसमें अखिलेश को पांच वर्ष के लिए पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए पार्टी के संविधान में भी संशोधन किया गया। पार्टी ने अपने संविधान में संशोधन कर अध्यक्ष के कार्यकाल की मौजूदा तीन वर्ष की अवधि को बढ़ाकर पांच साल कर दिया है। पहले पार्टी के अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता था। इससे पहले मुलायम सिंह यादव पार्टी के अध्यक्ष थे। 

 

राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे 15 हजार से अधिक लोग

अखिलेश के अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही सपा का राष्ट्रीय अधिवेशन भी यहां शुरू हो गया है। इस अधिवेशन में पार्टी यूपी में आगामी निकाय चुनावों के अलावा  2019 के आम चुनावों को लेकर भी व्यापक रणनीति तय करेगी। सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिये पार्टी के कई पूर्व मंत्रियों सहित कई दिग्गज नेता ताजनगरी पहुंचे हैं। अधिवेशन में सपा के 15 हजार से अधिक नेता और कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की तादाद भी शामिल है।

Published : 
  • 5 October 2017, 10:43 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement

No related posts found.