टी20 वर्ल्ड कप के लिए आज होगा टीम इंडिया का ऐलान, इन खिलाड़ियों पर लटकी तलवार!

2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले आज टीम इंडिया का ऐलान होना है, लेकिन चयन से पहले कई बड़े सवाल खड़े हैं। सूर्यकुमार यादव की फॉर्म, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल की जगह, संजू सैमसन की भूमिका और रिंकू सिंह बनाम वॉशिंगटन सुंदर जैसे मुद्दों पर आज सेलेक्टर्स का फैसला सामने आएगा।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 20 December 2025, 9:48 AM IST
google-preferred

New Delhi: 2026 टी20 वर्ल्ड कप का काउंटडाउन अब आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुका है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी, 2026 से होगी और आज दोपहर 1:30 बजे भारतीय टीम की घोषणा की जाएगी। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड का ऐलान करेंगे। माना जा रहा है कि चयन चार बल्लेबाज, दो विकेटकीपर, चार ऑलराउंडर और पांच गेंदबाजों के संतुलित कॉम्बिनेशन पर आधारित होगा।

सूर्यकुमार यादव: फॉर्म या कप्तानी?

टीम चयन से पहले सबसे बड़ा सवाल कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर है। पिछले एक साल से उनका फॉर्म उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, इसके बावजूद वह लगातार टीम का हिस्सा बने हुए हैं। 35 साल के सूर्यकुमार के लिए भारत में होने वाला यह टी20 वर्ल्ड कप कप्तान के तौर पर आखिरी बड़ा मौका माना जा रहा है। अब देखना होगा कि चयनकर्ता खराब फॉर्म के बावजूद उनके अनुभव और लीडरशिप पर भरोसा जताते हैं या नहीं।

शुभमन गिल की भूमिका पर संशय

शुभमन गिल की टी20 बल्लेबाजी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उनका खेल अंदाज़ थोड़ा क्लासिकल माना जाता है, जिसमें वह शुरुआत में समय लेते हैं। इससे टीम का रन रेट प्रभावित हो सकता है। पिछली 18 टी20 पारियों में गिल ने 377 रन बनाए हैं, औसत 25.13 रहा है। उनकी ओपनिंग पोजीशन संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के मौके भी सीमित कर सकती है, जिससे टीम कॉम्बिनेशन प्रभावित होता है।

यशस्वी जायसवाल को मिलेगा मौका या नहीं?

यशस्वी जायसवाल टी20 फॉर्मेट के लिए एक आदर्श आक्रामक बल्लेबाज माने जाते हैं। बावजूद इसके, शुभमन गिल की मौजूदगी और उन्हें उप-कप्तान बनाए जाने की चर्चाएं जायसवाल के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं। संभावना है कि उन्हें मुख्य टीम के बजाय स्टैंडबाय खिलाड़ियों में जगह मिले।

यह भी पढ़ें- खुल्लमखुल्ला प्यार करेंगे...! हार्दिक-माहिका ने LIVE मैच में कुछ यूं किया मोहब्बत का इजहार- VIDEO

संजू सैमसन की दुविधा

संजू सैमसन इस समय टीम में रिजर्व ओपनर और विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे हैं। जितेश शर्मा के रूप में पहले से एक विकेटकीपिंग विकल्प मौजूद है, वहीं गिल की मौजूदगी से संजू की बल्लेबाजी पोजीशन भी तय नहीं हो पा रही है। वर्ल्ड कप से पहले सीमित मैच बचे हैं, ऐसे में चयनकर्ता बड़े बदलाव करने से बच सकते हैं।

रिंकू सिंह बनाम वॉशिंगटन सुंदर

मिडिल ऑर्डर फिनिशर के तौर पर रिंकू सिंह ने खुद को साबित किया है। हालांकि, कोच गौतम गंभीर की ऑलराउंडर्स को प्राथमिकता देने की सोच के चलते वॉशिंगटन सुंदर का दावा मजबूत माना जा रहा है। सुंदर का टी20 रिकॉर्ड भले ही औसत रहा हो, लेकिन टीम मैनेजमेंट का भरोसा फिलहाल उन्हीं पर नजर आ रहा है।

भारत की संभावित वर्ल्ड कप टीम

संभावित टीम में सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर) और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Ahmedabad: भारत का टी20 दबदबा बरकरार, साउथ अफ्रीका को 3-1 से हराया

स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची

स्टैंडबाय के तौर पर यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, रियान पराग, शाहबाज़ अहमद या नितीश कुमार रेड्डी और प्रसिद्ध कृष्णा के नाम चर्चा में हैं। अब सबकी नजरें टीम इंडिया के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 20 December 2025, 9:48 AM IST