हिंदी
IPL 2027 में बड़ा बदलाव संभव (Img: X)
New Delhi: IPL 2027: मौसम को देखते हुए बीसीसीआई टूर्नामेंट का शेड्यूल बदल सकता है।टूर्नामेंट का शेड्यूल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL के भविष्य को लेकर एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। बोर्ड 2027 से टूर्नामेंट को पहले शुरू करने और जल्दी समाप्त करने की योजना पर विचार कर रहा है। इसके तहत आईपीएल 10 मार्च से शुरू होकर 15 मई तक समाप्त हो सकता है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों और दर्शकों को अत्यधिक गर्मी तथा प्री-मानसून बारिश से राहत देना है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल टूर्नामेंट में मैचों की संख्या बढ़ाकर 94 करने की कोई योजना नहीं है और मौजूदा 74 मैचों का प्रारूप जारी रहेगा।
बीसीसीआई के अनुसार मई के दूसरे पखवाड़े में देश के कई हिस्सों में तापमान काफी बढ़ जाता है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में प्री-मानसून बारिश भी शुरू हो जाती है। ऐसे हालात खिलाड़ियों के प्रदर्शन और दर्शकों के अनुभव दोनों को प्रभावित करते हैं। सैकिया ने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों की ओर से गर्मी को लेकर कई शिकायतें मिली हैं। खासकर उत्तर और पश्चिम भारत के शहरों में मई के दौरान मौसम चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी वजह से बोर्ड आईपीएल को पहले शुरू करने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च को हुई थी और फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला गया था। लेकिन बीसीसीआई का मानना है कि 15 मई के बाद मौसम कई बार बाधा बन जाता है। ऐसे में बोर्ड चाहता है कि प्लेऑफ और फाइनल जैसे महत्वपूर्ण मुकाबले प्रतिकूल मौसम से पहले ही पूरे कर लिए जाएं। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो आईपीएल की शुरुआत मार्च के शुरुआती दिनों में हो सकती है और टूर्नामेंट लगभग दो सप्ताह पहले समाप्त हो जाएगा।
पिछले कुछ वर्षों से आईपीएल में मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 करने की चर्चा होती रही है। लेकिन BCCI ने साफ कर दिया है कि फिलहाल ऐसा कोई फैसला नहीं लिया जाएगा। सैकिया के अनुसार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर पहले से काफी व्यस्त है। ऐसे में IPL को दो महीने से अधिक लंबा करना आसान नहीं होगा। बोर्ड को विभिन्न देशों के खिलाड़ियों की उपलब्धता भी ध्यान में रखनी पड़ती है।
BCCI का कहना है कि वह किसी भी स्थिति में द्विपक्षीय सीरीज और ICC टूर्नामेंट के कार्यक्रम को प्रभावित नहीं करना चाहता। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसे देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी IPL के लिए बेहद महत्वपूर्ण है इसी कारण टूर्नामेंट की अवधि बढ़ाने के बजाय उसके समय में बदलाव पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
IPL को मार्च में शुरू करने के लिए BCCI घरेलू क्रिकेट के कार्यक्रम में भी बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड चाहता है कि रणजी ट्रॉफी समेत सभी प्रमुख घरेलू टूर्नामेंट 10 मार्च तक समाप्त हो जाएं, ताकि IPL का आयोजन तुरंत शुरू किया जा सके। वर्ष 2027 में IPL का 20वां संस्करण खेला जाएगा। ऐसे में BCCI इस विशेष सीजन को बेहतर योजना और सुविधाओं के साथ आयोजित करने की तैयारी में जुटा हुआ है।
Location : New Delhi
Published : 18 June 2026, 2:20 PM IST