Bangladesh vs UAE: परवेज हुसैन इमोन ने रचा इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में तोड़ा तमीम इकबाल रिकॉर्ड

यूएई और बांग्लादेश के बीच पहले टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन ने इतिहास रच दिया। उन्होंने तमीम इकबाल का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

Post Published By: Jaya Pandey
Updated : 18 May 2025, 9:13 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: शारजाह के मैदान पर खेले गए यूएई और बांग्लादेश के बीच पहले टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन ने इतिहास रचते हुए क्रिकेट प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। 22 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए न सिर्फ अपनी पहली इंटरनेशनल सेंचुरी पूरी की, बल्कि बांग्लादेश के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मैच की शुरुआत से ही परवेज इमोन का इरादा साफ नजर आया। उन्होंने पहले ही ओवर से आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और यूएई के गेंदबाजों की एक न चलने दी। उन्होंने मैदान के चारों ओर शानदार स्ट्रोक लगाए और बाउंड्री लाइन को खेल का हिस्सा बना लिया। परवेज ने महज 42 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया, जो बांग्लादेश के किसी भी बल्लेबाज द्वारा टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड तमीम इकबाल के नाम था।

स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया नाम

इमोन की इस तूफानी पारी ने न केवल बांग्लादेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि क्रिकेट इतिहास में उनका नाम भी स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कर दिया। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के जड़े, जिससे उनकी स्ट्राइक रेट 200 से भी ऊपर रही। यह पारी बांग्लादेश क्रिकेट के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है, खासकर जब टीम युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जता रही है।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का मिला टैग

इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में यूएई की टीम 150 रन ही बना सकी और मैच बांग्लादेश ने 45 रनों से अपने नाम किया। परवेज इमोन को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। जिसके बाद उनके फैंस में खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

बांग्लादेश क्रिकेट को मिला नया सितारा

परवेज की यह पारी इस बात का संकेत है कि बांग्लादेश क्रिकेट को एक नया सितारा मिल गया है। उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने बांग्लादेशी फैन्स को गर्व का अहसास कराया और आने वाले टूर्नामेंट्स को भी लेकर उनके फैंस में खासा उत्साह देखा जा रहा है और उनसे बड़ी उम्मीदें भी लगाई जा रही हैं।

Location :  New Delhi

Published :  18 May 2025, 9:13 AM IST

Advertisement