3-1 से पस्त हुआ मेजबान जापान: सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम, गोल्ड मेडल पर नजरें टिकीं

Asian Games 2026 Women Hockey: भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लालरेम्सियामी, इशिका और नवनीत कौर ने दागे गोल। जानिए मैच का पूरा हाल।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 25 September 2026, 11:20 AM IST
google-preferred

New Delhi: एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का विजय रथ थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने मेजबान जापान को 3-1 से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की।

इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपना टिकट पूरी तरह पक्का कर लिया है। पूरे मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल और बेहतरीन तालमेल का नजारा पेश किया, जिसके आगे जापानी टीम लाचार नजर आई।

शुरुआती मिनटों में लालरेम्सियामी का धमाका

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने मेजबान जापान पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। खेल के 5वें मिनट में ही लालरेम्सियामी ने एक बेहतरीन फील्ड गोल दागकर भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। जापानी रक्षापंक्ति ने इसके बाद वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। पहले हाफ के ठीक आखिरी मिनटों में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर के रिबाउंड पर इशिका चौधरी (30वें मिनट) ने गोल करके टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया।

फाइनल में पहुंचते ही बढ़ी उम्मीदें, Asian Games 2026 में भारत के 3 तैराकों ने फाइनल में बनाई जगह

नवनीत कौर का मैजिकल स्टिकवर्क

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपनी आक्रामक लय को बरकरार रखा। तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट (36वें मिनट) में नवनीत कौर ने अपने शानदार स्टिकवर्क का प्रदर्शन करते हुए एक जोरदार शॉट पर गोल किया और भारत को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी।

हालांकि चौथे क्वार्टर में जापान की शिहो कोबायाकावा ने 46वें मिनट में एक गोल कर अंतर जरूर कम किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद जापानी फॉरवर्ड्स को कोई और मौका नहीं दिया।

Asian Games 2026: भारत ने फिर दिखाया दम! रोशिबिना का रजत वार, रोइंग में सलमान-सतनाम ने रचा नया अध्याय

अभियान में भारत का दबदबा जारी

भारतीय महिला टीम का इस एशियाई खेल में प्रदर्शन बेहद खौफनाक रहा है। भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से रौंदकर अपने इरादे पहले ही साफ कर दिए थे। अब भारत रविवार को पूल बी के अपने आखिरी मुकाबले में सिंगापुर से भिड़ेगा। जिस लय में भारतीय बेटियां खेल रही हैं, उसे देखकर देश को गोल्ड मेडल की पूरी उम्मीद जग गई है।

Location :  New Delhi

Published :  25 September 2026, 11:20 AM IST

Advertisement