Punjab News: राजपुरा हाईवे पर चलती गाड़ी बनी आग का गोला, 21 साल का ड्राइवर झुलसा, लाखों का माल राख

राजपुरा-पटियाला हाईवे पर चलते कैंटर में लगी भीषण आग! 21 साल का ड्राइवर बुरी तरह झुलसा। लाखों का ब्रांडेड सामान जलकर खाक, मौके का फायदा उठाकर लोगों ने लुटा माल। जानिए पूरी घटना।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 September 2026, 1:47 PM IST
google-preferred

Rajpura: राजपुरा-पटियाला नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया। अंबाला के मोड़ा वेयरहाउस से बठिंडा की ओर जा रहा करीब तीन टन वजनी कैंटर चेतनाया टेक्नो स्कूल के पास अचानक आग की भयंकर लपटों में घिर गया।

देखते ही देखते पूरा कैंटर जलकर स्वाहा हो गया और उसमें लदे नामी कंपनियों के महंगे कपड़े, जूते और कीमती स्पेयर पार्ट्स राख के ढेर में बदल गए। हादसे के समय हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही थम गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डिवाइडर से टकराया कैंटर तो जान बचाकर कूदा ड्राइवर

आग इतनी तेजी से फैली कि कैंटर चला रहे 21 वर्षीय युवा चालक आयुष वर्मा को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आग की लपटों से घिरी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। गनीमत यह रही कि जोरदार टक्कर के चलते गाड़ी का दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे झुलसता हुआ ड्राइवर कूदकर बाहर गिरा।

मौके पर फरिश्ता बनकर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स (S.S.F.) के इंचार्ज भूपिंदर सिंह और उनकी टीम ने तुरंत घायल आयुष को राजपुरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पंजाब की ऑर्केस्ट्रा डांसरों का गोरखपुर में चीरहरण! अब पुलिस ने लिया यह बड़ा एक्शन

हादसे के बीच इंसानियत शर्मसार

इस भीषण त्रासदी के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली हरकत भी देखने को मिली। कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि जब गाड़ी धू-धू कर जल रही थी और चालक जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहा था, तब कुछ असामाजिक और मौकापरस्त तत्वों ने जलते कैंटर से बचा-खुचा महंगा ब्रांडेड सामान चुराना शुरू कर दिया। कंपनी की तरफ से सर्वेयरों को नुकसान का सटीक आकलन करने के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों और सामान चोरी की घटना की जांच में जुट गई है।

Location :  Rajpura

Published :  22 September 2026, 1:47 PM IST

Advertisement