Nuh: ऑनलाइन शॉपिंग कर रहे हैं? कहीं आपके साथ भी तो नहीं हो रहा ये खेल! नूंह में पकड़े गए 2 आरोपी

हरियाणा के नूंह में फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर साइबर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं। जांच में दोनों नंबरों से जुड़ी साइबर क्राइम पोर्टल पर छह शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस नेटवर्क की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 5 September 2026, 3:13 PM IST
google-preferred

Nuh: हरियाणा के नूंह जिले में फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सदर नूंह थाना की जयसिंहपुर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इकलास उर्फ भूरू और आदिल को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इन मोबाइल नंबरों से जुड़े साइबर क्राइम पोर्टल पर छह शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।

हाईवे फ्लाईओवर के नीचे खड़े थे दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, जयसिंहपुर चौकी टीम को सूचना मिली थी कि इकलास उर्फ भूरू निवासी भपावली और आदिल पुत्र तौफीक निवासी भपावली नूंह-होडल रोड पर दिल्ली-मुंबई हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे खड़े हैं और किसी का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

पैसे नहीं थे… बारिश में स्ट्रेचर पर पत्नी का शव लेकर घंटों बैठा रहा पति, मासूम बेटी रोती रही; फिर जो हुआ उसने झकझोर दिया

मोबाइल की जांच हुई तो सामने आया ठगी का कनेक्शन

तलाशी के दौरान पुलिस को इकलास के पास से एक मोबाइल फोन मिला। मोबाइल और उससे जुड़े नंबर की जांच की गई तो साइबर क्राइम पोर्टल पर उसके खिलाफ चार शिकायतें दर्ज मिलीं।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी आदिल के पास से मिले मोबाइल फोन और उससे जुड़े नंबर की जांच की। इसमें भी दो साइबर शिकायतें सामने आईं। इस तरह दोनों आरोपियों से जुड़े मोबाइल नंबरों के खिलाफ कुल छह शिकायतें मिलने की बात सामने आई है।

ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर बनाते थे निशाना

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को ऑनलाइन शॉपिंग का लालच देते थे। इसी बहाने लोगों को अपने जाल में फंसाने और कथित तौर पर साइबर ठगी करने की बात सामने आई है।

हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन आरोपियों ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी के इस नेटवर्क का संचालन किस तरह किया जा रहा था।

New Delhi: 15 मिनट पहले सब ठीक था, फिर तीन लड़के दोबारा सामने आए और 15 साल के छात्र की जिंदगी खत्म हो गई

मोबाइल फोन से खुलेगा ठगी के नेटवर्क का राज

पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। मोबाइल में मौजूद संदिग्ध नंबरों, बातचीत और अन्य डिजिटल जानकारी को खंगाला जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि डिजिटल जांच के जरिए साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकता है।

साइबर थाना पुलिस को सौंपे गए आरोपी

जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह के अनुसार, दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए नूंह साइबर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनके साथ इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल पर मिली शिकायतों की भी जांच की जा रही है।

Location :  Nuh

Published :  5 September 2026, 3:13 PM IST

Related News

Advertisement