
समाजवादी पार्टी ऑफिस के बाहर पुलिस का डेरा (Img: Dynamite News)
Noida: आज शनिवार को नोएडा शहर को कुल 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है। इनमें 1,045 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और 1,434 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसी के मद्देनजर प्रदेश के मुखिया नोएडा आ रहे हैं, उनके कार्यक्रम में कोई व्यवधान न हो इसलिए प्रशासन सतर्क है। पुलिस ने समाजवादी पार्टी के दफ्तर पर डेरा डाल दिया है, जिससे शहर में गहमागहमी बढ़ गई है।
सवाल उठ रहा है कि नोएडा पुलिस को किस बात का डर है कि उसने सपा कार्यलय पर चौकसी बढ़ा दी है। समाजवादी पार्टी के नेताओं का आरोप है कि कुछ दिनों पहले ग्रेटर नोएडा के कासना में स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में स्टाफ के साथ मारपीट की गई थी परंतु अब प्रशासन दूसरी रणनीति अपना रहा है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डायरेक्टर ब्रिगेडियर डॉक्टर राकेश गुप्ता का व्यवहार ठीक नहीं है। जिन लोगों ने कोरोना काल के दौरान देश की सेवा की थी, उनके ऊपर आज लाठीचार्ज की जा रही है। इसी को लेकर समाजवादी पार्टी नोएडा में प्रदर्शन करने की तैयारी में है, लेकिन उससे पहले ही नोएडा पुलिस ने समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर डेरा डाल लिया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष सुधीर भाटी का कहना है कि पिछले काफी महीनों से गौतमबुद्ध नगर जिले का हाल बेहाल है। सुधीर भाटी का कहना है कि जब नोएडा की स्थिति ठीक नहीं है तो ऐसे में मुख्यमंत्री के आने का फायदा क्या है? वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि इसी को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री के आगमन पर समाजवादी पार्टी प्रदर्शन करने वाली हैं, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने मुख्यालय पर डेरा डाल दिया है।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि हम सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना चाहते हैं तो हमें परेशान किया जा रहा है, लेकिन हम चुप बैठने वालों में से नहीं है हम आम जनता को इंसाफ दिलवाने के लिए लड़ाई लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी की मांग है कि राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में जिन स्टाफ के साथ मारपीट की गई, उनको इंसाफ मिले। इसके अलावा उन स्टाफ को परमानेंट किया जाए।
Location : Noida
Published : 27 June 2026, 10:58 AM IST