हिंदी
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि देश में किसानों के बीच किसी भी प्रकार की उर्वरक की कमी नहीं है सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों से संपर्क कर पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। नड्डा ने किसान भाइयों को भरोसा दिलाया कि किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।
जेपी नड्डा (Img: Google)
New Delhi: पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच यह चर्चा अपने चरम पर पहुंच चुकी है कि देश में किसानों के बीच कहीं पर उर्वरक की किल्लत तो नहीं है? अब केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को लोकसभा में सांसद निशिकांत दुबे के सवालों का जवाब देते हुए इन सब चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कर दिया है कि मौजूदा समय में देश में किसानों के बीच किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है। हमारे पास किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक है।
वहीं, जेपी नड्डा ने निशिकांत दुबे के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हमारी इस संबंध में सभी प्रदेशों के कृषि मंत्रियों से भी बात हुई है। लिहाजा, किसी को भी इस संबंध में घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं देश की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि वो उर्वरक को लेकर किसी भी प्रकार की टेंशन नहीं लें। हमारे देश में किसानों के पास पर्याप्त मात्रा में उर्वरक है। लिहाजा इसे लेकर किसी भी ऐसी कोई कयासबाजी नहीं होनी चाहिए, जिससे हमारे देश के किसान भाई गुमराह हो जाएं।
पीएम मोदी की पश्चिम एशिया तनाव पर राज्यों के CM के साथ मीटिंग, आखिर क्या है आगे का प्लान?
उन्होंने आगे कहा कि जॉर्डन, सऊदी अरब और अन्य देशों के साथ दीर्घकालीक समझौते भी किए जा रहे हैं। जिसके तहत हम यह पूरी रूपरेखा तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। इस रूपरेखा के तहत हम यह निर्धारित करने का प्रयास कर रहे हैं कि किसानों के बीच उर्वरक की किल्लत पैदा नहीं हो। किसान भाई इस देश के अन्नदाता है। ऐसी स्थिति में हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि किसान भाइयों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का कुठाराघात नहीं हो।
बता दें कि इससे पहले पश्चिम एशिया को लेकर मंत्रियों के समूह की बैठक हुई थी। इस बैठक में यह फैसला लिया गया था कि आगे क्या कदम उठाए जाएंगे। इस दिशा में पूरी रूपरेखा भी निर्धारित की गई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हुए थे। जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और जेपी नड्डा शामिल थे। मंत्रियों ने उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा की। इसके बाद यह आकलन किया गया था कि आगामी दिनों में उर्वरक की किसी भी प्रकार की कमी किसानों को नहीं होगी, क्योंकि हमारे पास इसकी पर्याप्त उलब्धता है।