
जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भाजपा जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। पार्टी के अनुसार, 2 अक्टूबर तक जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 150 ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पांच स्थानों पर नाट्य मंचन के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने रविवार को जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन ‘सेवा ही संकल्प, राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक है। सुशासन, पारदर्शिता, अंत्योदय और जनकल्याण को केंद्र में रखकर देश को विकास की नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
दिल्ली में SIR से मचा हलचल! 33 लाख को नोटिस, आडवाणी और केजरीवाल समेत कई बड़े नाम शामिल
सुशील त्रिपाठी ने बताया कि ‘नमो सेवा गाथा- अनकही कहानियां’ के तहत 25 से 30 मिनट की अवधि वाले नुक्कड़ नाटक पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्थान पर नाट्य मंचन होगा। वहीं, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 30-30 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इस तरह जिले में कुल 150 नुक्कड़ नाटकों का आयोजन प्रस्तावित है।
भाजपा जिलाध्यक्ष के मुताबिक, सेवा संकल्प अभियान विभिन्न चरणों में 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचकर प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े संदेशों को साझा करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का संयोजन भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने किया। इस दौरान संदीप सिंह, आलोक आर्य, आनंद द्विवेदी, आशीष सिंह रानू और राहुल भान मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Sultanpur
Published : 20 September 2026, 6:16 PM IST